गुरुवार, 13 जुलाई 2023

कर्ज के चलते एक परिवार ने की सामूहिक खुदकुशी

 पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत, सिहर उठी राजधानी


भोपाल। राजधानी में कर्ज से परेशान एक परिवार ने खुदकुशी कर ली। आनलाइन लोन के चलते हंसता-खेलते परिवार के चार लोगों ने मौत को गले लगा लिया। मरने वालों में पति-पत्नी और दो बच्चे हैं। 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कर्ज से परेशान होकर एक परिवार ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार देर रात की है। घटना रातीबड़ थाना क्षेत्र के नीलबड़ में हरिहर नगर स्थित शिव विहार कॉलोनी की है। युवा दंपति ने अपने दो मासूम बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में जहरीली गोली मिलाकर पिलाई। इसके बाद दोनों एक ही फंदे पर झूल गए। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के पास चार पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने ऑनलाइन लिए गए कर्ज से परेशान होने, रिकवरी वालों के ब्लैकमेल करने का जिक्र है। सुसाइड नोट में पोस्टमॉर्टम न कराने, सामूहिक अंतिम संस्कार करने और परिजनों को कर्ज के लिए परेशान नहीं करने की बात लिखी गई है।

लोन बना खुदकुशी करने का कारण

पुलिस जांच के मुताबिक, परिवार के इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे की वजह कर्ज बताया जा रहा है। मृतक एक प्राइवेट कंपनी में इंश्योरेंस एजेंट का काम करता था, लेकिन कुछ दिनों से वह आर्थिक रूप से परेशान हो गया था। उसने परिवार को पालने के लिए एक लोन लिया था। काम ठीक से नहीं चलने के कारण वह समय पर लोन की मासिक किस्त नहीं भर पा रहा था। जिसके कारण उसपर कर्जा बढ़ता चला गया। जुलाई की किश्त समय पर जमा नहीं करने पर सोशल मीडिया के डीपी में लगी फोटो को निकालकर अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करने के साथ ही बदनाम किया जाने लगा। भूपेंद्र जहां काम करता था, उसके बॉस, रिश्तेदार और अन्य परिजनों को भी डिटेल भेजने लगे। चार पेज के सुसाइड नोट में भूपेंद्र ने लोन देने वाली कंपनी के अधिकारियों और रिकवरी करने वालों की ओर से समय-समय पर की जाने वाली प्रताडऩा का पूरा जिक्र किया है।

मरने से पहले ली सेल्फी, भतीजी को भेजी वाट्सएप पर

मरने वालों की पहचान भूपेंद्र विश्वकर्मा (38), पत्नी रितु (35), बेटे ऋतुराज (3) और ऋषिराज (9) के रूप में की गई है। भूपेंद्र परिवार के साथ रातीबड़ की शिव विहार कॉलोनी में रहता था। भूपेंद्र के बड़े भाई नरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि जो तस्वीर दिख रही है वो भूपेंद्र ने मरने से पहले देर रात सेल्फी ली थी। भूपेंद्र ने गुरुवार तड़के 4 बजे सेल्फी और सुसाइड नोट अपनी भतीजी को वाट्सएप किया था। ये उनकी आखिरी सेल्फी है। बहुत अच्छा परिवार था, सब खुश रहते थे, लेकिन पता नहीं उसने ऐसा क्यों किया।


कमलनाथ ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने एक परिवार के चार सदस्यों की आत्महत्या पर दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि भोपाल में एक दंपति द्वारा आत्महत्या और आत्महत्या से पहले अपने दो बच्चों को जहर देने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार कर्ज के दलदल में फंसा हुआ था। कर्ज का बोझ पूरे मध्यप्रदेश के लिए जानलेवा संकट बनता जा रहा है। मैं ईश्वर से सभी दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें