शनिवार, 22 जुलाई 2023

प्रियंका की गारंटी, भाजपा का हमला

पहले भाई ने फैलाया भ्रम, अब बहन आई हैं : वी डी शर्मा

भोपाल। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा ग्वालियर में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश की  भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला था। वहीं उन्होंने मतदाताओं को लुभाने के लिए 6 बड़ी घोषणाएं की थी। प्रियंका की इन चुनावी घोषणाओं पर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी प्रियंका की घोषणाओं पर हमला बोला है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शनिवार को कहा है तंज कसते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में आकर झूठी घोषणाएं की थी। वहीं अब प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में अपने भाई की ही तरह झूठी गारंटी भ्रमजाल फैलाने का प्रयास किया है। शर्मा ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में में राहुल गांधी ने प्रदेश के किसानों, युवाओं, माता-बहनों सभी से वादे किए थे, लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो एक भी वादा पूरा नहीं किया गया, ना कर्जमाफी हुई, ना युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला। एक बार फिर कांग्रेस अपने छल-कपट का जाल प्रदेश के नागरिकों पर डालने की कोशिश में जुट गई है। कांग्रेस के लोग कितने भी हाथ-पैर मार लें, जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली। क्यों कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के झूठ-फरेब को अच्छी तरह से समझ चुकी है।

एक परिवार तक सिमट गई कांग्रेस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस में परिवारवाद को लेकर कहा कि कल भी कांग्रेस के मंच पर परिवारवाद दिखाई दिया। दिग्विजय सिंह मंच के पीछे थे और नकुलनाथ, कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बता रहे थे। कांग्रेस अब एक परिवार तक ही सिमट कर रह गई है। इसलिए उसे बचाने के लिए प्रियंका गांधी, राहुल गांधी निकले हैं। प्रियंका गांधी राजस्थान भी गई थीं, गुजरात भी गई थीं. वे उत्तरप्रदेश भी गई थीं, लेकिन, उत्तरप्रदेश से तो गांधी परिवार को पलायन ही करना पड़ा। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन मजबूत है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण की योजनाएं लोगों का जीवन बदल रही हैं। बीते सालों में यहां विकास इतना हुआ है कि कोई भी नेता यहां आ जाए, कोई फर्क नहीं पड़ता।

ये गारंटी दी थी प्रियंका ने

प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में कहा था कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। महिलाओं के खाते मे 15 सौ रुपए हर महीने डाले जाएंगे। रसोई गैस का सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा। 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी और 200 यूनिट बिजली आधे दाम पर मिलेगी। इसके अलावा किसानों के कर्ज माफी का काम पूरा किया जाएगा। गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन भी बढ़ाई जाए। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें