मंगलवार, 17 दिसंबर 2019

नागरिकता संशोधन कानून लागू कराने निकाला पैदल मार्च


मध्यप्रदेश में नागरिका संशोधन कानून लागू करने की मांग को लेकर आज भाजपा के विधायकों ने पैदल मार्च निकाला. पैदल मार्च में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए. बाद में भाजपा ने इस मांग को लेकर राज्यपाल लालजी टंडन को ज्ञापन सौंपा.
मध्यप्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून पर मचा घमासान थम नहीं रहा है. मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा कांग्रेस के फैसले के अनुसार प्रदेश में यह कानून लागू नहीं किए जाने की बात कही थी. इसके बाद से भाजपा इस कानून को प्रदेश में लागू कराने की मांग कर रही है. इसके चलते आज भाजपा विधायकों ने पैदल मार्च निकाला. राज्य विधानसभा में सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा विधायकों के साथ बिड़ला मंदिर पहुंचे. यहां से विधायकों का पैदल मार्च शुरु हुआ जो राजभवन तक पहुंचा. राजभवन पर पैदल मार्च समाप्त किया गया. बाद में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल लालजी टंडन को प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.
हर दिन पैदल मार्च निकालकर विधानसभा पहुंचेंगे भाजपा विधायक
भाजपा विधायक विधानसभा सत्र में हर दिन अलग-अलग मुद्दों पर बिड़ला मंदिर के सामने एकत्र होकर पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे. यह निर्णय भाजपा विधायक दल की बैठक में लिया गया. पूरे सत्र के दौरान भाजपा विधायकों के पैदल मार्च का सिलसिला जारी रहेगा. 18 दिसंबर को किसानों को यूरिया की कमी व अन्य समस्याओं, 19 दिसंबर को युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिलने, 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी व उसका काम धीमा करने और 23 दिसंबर को रेत व शराब माफिया के विरोध में विधायक पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे. इसके लिए सभी विधायक बिड़ला मंदिर के सामने एकत्र होंगे.
बंटाढ़ार युग के रिकार्ड को तोड़ा सरकार ने
विधायक दल की बैठक में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि सरकार को एक वर्ष पूरा हुआ है, लेकिन इस एक वर्ष मे कमलनाथ सरकार ने 10 साल के बंटाढ़ार युग का रिकार्ड तोड़ दिया है. सरकार के हर काम में कमियां और दोष है. रेत माफिया, खनन माफिया और परिवहन माफिया हावी है. अकेले परिवहन क्षेत्र में 12 सौ करोड़ रूपए की वसूली हो रही है. उन्होंने कहा कि हमें जनता की आवाज को सडक और सदन में प्रभावी तरीके से मुखरता के साथ उठाना है. सरकार को कठघरे में खडा करने का काम हमारा है.  भार्गव ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी यह सरकार विपक्ष का दमन करने की कोशिश कर रही है. हमारे विधायकों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन हम झुकने वाले नहीं है. पूरे विधानसभा सत्र के हर रोज सदन के बाहर प्रदर्शन और सदन के अंदर मुखर होकर लड़ाई लडेÞ.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें