बुधवार, 4 दिसंबर 2019

प्रज्ञा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, डंडे लेकर खड़े हुए भाजपाई


लोकसभा में नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने को लेकर दिए बयान के बाद भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने माफी मांग ली, मगर यह विवाद थमने के बजाय ज्यादा गर्मा गया है. कांग्रेस इसे लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है और प्रज्ञा से इस्तीफे की मांग कर रही है. इसी विरोध के चलते आज कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर घेराव करने वाले थे, इसे देखकर भाजपा कार्यकर्ता भी वहां डंडे लेकर खड़े हो गए. 
भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद इन दिनों सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने को लेकर दिए बयान के विरोध में पदयात्रा निकाल रहे हैं. वे इस पदयात्रा के तहत आज भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह को एक ज्ञापन सौंपने वाले थे. इस ज्ञापन में मसूद ने प्रज्ञा सिंह से इस्तीफा की मांग की है. इस बात की जानकारी जब भाजपा को लगी तो हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा और भाजपा कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे. इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यालय पहुंच गई. महिला मोर्चा की सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में डंडे लिए हुए रखे थे. भाजपा कार्यालय पर गहमागहमी का माहौल देखकर पुलिस बल भी तैनात किया गया. इस दौरान आरिफ मसूद ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और प्रदर्शन खत्म कर दिया.
भाजपा विधायक ने दी चेतावनी
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने चेतावनी दी कि सिमी आतंकवादी और उनके समर्थक भाजपा कार्यालय पर गलत निगाह रखने वाले खबरदार हो जाएं. भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रवाद के लिए जीता है और मरता है. हमारे कार्यालय की ओर आंख भी उठा कर देखी तो परिणाम ठीक नहीं होगा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने की परिधि बनाई गई है. उन्होंने कहा कि विधायक बनने से गुंडा का टैग नहीं हटाया जा सकता. शर्मा ने कहा कि हम भी 6 दिसंबर को कांग्रेस कार्यालय जाएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाएंगे.  वहीं भाजपा विधायक के बयान पर विधायक आरिफ मसूद ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर मैं सिमी समर्थक हूं तो साबित करके बताएं. कहने से क्या होगा. हमारा विरोध गांधीवादी तरीके से हो रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें