बुधवार, 4 दिसंबर 2019

असिस्टेंट प्रोफेसर के जल्द जारी होंगे नियुक्ति पत्र



शासकीय महाविद्यालयों में लोक सेवा आयोग से चयनित किए गए असिस्टेंट प्रोफेसर को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जल्द नियुक्ति पत्र जारी होने और अतिथि विद्वानों को यथावत रखे जाने का आश्वासन दिया है. 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि मेरे द्वारा प्रदेश में लोक सेवा आयोग की परीक्षा से चयनित विद्वानों के लिए नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दे दिए हैं, इसमें संशय की कोई गुंजाइश नहीं है. साथ ही जो अतिथि विद्वान पहले से कार्यरत हैं, वो भी यथावत रहेंगे. मुख्यमंत्री के ट्वीट को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज खान ने कहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने निर्देश दिए हैं कि जो असिस्टेंट प्रोफेसर लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर चयनित हैं, उनके नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं. वहीं उन अतिथि शिक्षकों को यथावत रखा जाए, जो पहले से कार्यरत हैं. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर छिंदवाड़ा जाने के लिए भोपाल से रवाना हुए थे. इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री को जब मिली, तो उन्होंने यह ट्वीट कर उन्हें यह आश्वासन दिया था.
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हर वचन को पूरा करने में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि अतिथि विद्वानों को भ्रम की स्थिति के अंदर भाजपा ने नकारात्मक विपक्ष की हैसियत से आंदोलन के लिए उकसाया है, लेकिन तमाम लोगों को मध्यप्रदेश सरकार से राहत मिलती है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश का वो हाल किया है, जिसमें सुधार करना असंभव है, लेकिन कमलनाथ जैसा मुख्यमंत्री प्रदेश को मिला है. जिनके राज में मध्यप्रदेश बेहतरी की तरफ जा रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें