मंगलवार, 24 दिसंबर 2019

कहीं छाएगा कोहरा, कहीं होगी हल्की बारिश

अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र, छाने लगे बादल

मध्यप्रदेश में ठंड अपना असर दिखाने लगी है. मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ तो फिलहाल दूर चला गया है, लेकिन दक्षिण पूर्वी अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पश्चिमी मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर बादल छाने लगे हैं और 24 घंटों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है.
राजधानी भोपाल में मंगलवार की सुबह आसमान पर बादल छाए रहे. दोपहर को धूप खिली, मगर ठंडी हवाओं के चलते धूप में तेजी नहीं थी. आज मंगलवार को दिनभर आसमान में बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी होती रही. राजधानी के अलावा सीहोर,  विदिशा, रायसेन, अशोकनगर व गुना सहित अन्य क्षेत्रों में आसमान पर बादल छाए रहे और तेज ठंडी हवाएं चलती रही.  मौसम विशेषज्ञों का  कहना है कि बुधवार से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों  में गरज-चमक और बौछारों की स्थिति बन सकती है. ऐसे में तापमान में कमी आएगी.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार 25 दिसंबर से प्रदेश के कई स्थानों पर एक बार फिर हल्की बारिश  का दौर शुरू हो सकता है, जो करीब  27 दिसंबर  तक जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. इसके चलते जहां न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी, वहीं इसके साथ ही प्रदेश में कड़ाके की ठंड आमद दर्ज कराएगी. वहीं दूसरी ओर बादलों के हटने के साथ ही उत्तर से आ रही बफीर्ली हवाएं प्रदेश में आने से पूरे प्रदेश के शीतलहर की चपेट में आने की संभावना भी बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल में आगामी दो दिन तक हल्की वर्षा हो सकती है. तीन दिन बाद अधिकतम एवं न्यूनतम में फिर गिरावट आएगी और कड़ाके की ठंड तथा कुछ स्थानों पर शीतलहर भी चलेगी. 
कहीं हल्का तो कहीं घना रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान उज्जैन, सागर, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल संभागों के जिलों में हल्की-हल्की बारिश हुई है. रीवा,सागर, ग्वालियर, चंबल संभागों में कोहरा भी छाया रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान शिवपुरी में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार राजय के ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभागों के जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान कहीं पर हल्का तो कहीं पर घना कोहरा रहेगा. वहीं राज्य के रीवा, सागर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की बौछारे भी हो सकती है.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें