मंगलवार, 24 दिसंबर 2019

भाजपा ने कहा तीसरे नंबर पर कांग्रेस आई तो बांट रही मिठाई

शोभा ओझा 

झारखंड के चुनाव परिणामों को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी संग्राम छिड़ गया है. कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है. वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि झारखंड में कांग्रेस तीसरे नंबर पर आ गई, इसलिए मिठाई बांट रही है. 
नरोत्तम मिश्रा 
झारखंड के चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस में उत्साह नजर आया और कांग्रेस भाजपा पर तंज भी कसे. कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि यह परिणाम भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति के विरुद्ध देश की जनता का लघु जनमत संग्रह है. झारखंड की जनता ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है. ओझा ने कहा कि झारखंड का ताजा परिणाम देश की दूषित विभाजनकारी राजनीति के बीच झारखंड से बही वह ताजा बयार है, जिसे देश की जनता शिद्दत से महसूस करना चाहती है. उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन को मिली जीत इस बात की ओर इंगित करती है कि विभाजनकारी राजनीति के दिन अब लद चुके हैं और देश की जनता अब वास्तविक मुद्दों से भटकने वाली नहीं है. 
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस झारखंड में तीसरे स्थान पर आई, इसलिए वह मिठाई बांट रही है. कांग्रेस कभी वहां पर एक नंबर की पार्टी हुआ करती थी. मिश्रा ने गुना सांसद पर  एफआईआर और अशोकनगर पुलिस अधीक्षक के तबादले पर उन्होंने कहा कि सरकार अधिकारियों पर दवाब बना रही है. सरकार में ऊपर से भ्रष्टाचार चल रहा है. और  सीएए पर कांग्रेस भ्रम फैला रही है. राजधानी में 25 दिसंबर को कांग्रेस के मार्च को देखते हुए  कलेक्टर ने धारा 144 हटा दी है. पूर्व मंत्री मिश्रा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इनकी रणनीति झूठ बोलने की हैं, एक साल में कुछ भी नहीं किया, बजट पास हुआ, लेकिन एक भी नया काम नही किया. किसानों को बोनस नहीं दिया. किसानों की कर्ज माफी नहीं हुई, गौशाला नही खुली. बनाने की बात करते हैं, लेकिन बनाते नहीं हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें