पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सराहा कमलनाथ सरकार के कामों कोदेश के पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि कमलनाथ सरकार का विजन दस्तावेज प्रदेश को समृद्ध और विकसित एवं शक्तिशाली बनाएगा. उन्होंने कमलनाथ सरकार की सराहना करते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार लोगों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि एक साल में कमलनाथ सरकार ने जो सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में कार्य किए हैं, वे अद्वितीय हैं.
पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने यह बात आज राजधानी के मिंटो हाल में कमलनाथ सरकार के एक साल पूरा होने पर विजन दस्तावेज 'मध्य प्रदेश विजन-टू-डिलीवरी रोडमैप 2020-2025’ पेश करते हुए कही. उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में जो कार्य कमल नाथ की कांग्रेस सरकार ने सालभर में किए हैं, वे अद्वितीय हैं. उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, इंडस्ट्री, माइक्रोइंडस्ट्री, आर्थिक सहित कोई क्षेत्र ऐसा शेष नहीं छोड़ा, जहां कम समय में व्यापक स्तर पर विकास न किया हो. हर क्षेत्र में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने अपनी काम के जरिए श्रेष्ठ छाप छोड़ी है.
उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार का आर्थिक दृष्टि पत्र (डाक्यूमेंट ) आगे मध्यप्रदेश के लिए एक नई ऊंचाइयां भरी दिशा तय करेगा. उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के बहुआयामी विकास का साक्षी बनेगा और यह सभी विभागों को एक नई दिशा देगा. यह दृष्टिपत्र प्रदेश को समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित प्रदेश बनाएगा. पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि 11 महत्वपूर्ण क्षेत्रों को इस विजन डाक्यूमेंट में शामिल किया गया है. उन्होंने सरकार की ऋणमाफी योजना की शुरूआत को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया है. नया सबेरा योजना की भी मनमोहन सिंह ने तारीफ की.
पूर्व प्रधानमंत्रीने देखा जनजातीय संग्रहालय
पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने आज भोपाल प्रवास के दौरान श्यामला हिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया. उन्होंने विजिटर्स बुक में लिखा- प्रदेश के जनजातीय जनजीवन और संस्कृति को भोपाल के जनजातीय संग्रहालय में बखूबी प्रदर्शित किया गया है, यह प्रशंसनीय है. देश की भावी पीढ़ी के लिए जनजातीय कला की धरोहर को संरक्षित और समृद्ध बनाने की आवश्यकता है. डॉ. मनमोहन सिंह ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं की साज-सज्जा की सराहना की. उन्होंने कहा कि वे इस अनूठे संग्रहालय को देखकर प्रभावित हुए हैं.
छिंदवाड़ा, बैतूल के लोक कलाकारों ने किया स्वागत
संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने पूर्व प्रधानमंत्री को संग्रहालय में प्रदर्शित आदिवासी कला रूपों की विस्तार से जानकारी दी. संग्रहालय में छिंदवाड़ा और बैतूल जिले के लोक कलाकारों ने पारम्परिक वाद्य यंत्रों के सुरों से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह का भव्य स्वागत किया. संग्रहालय की ओर से डॉ. मनमोहन सिंह को गोंड चित्रकला कलाकृति के साथ प्रतीक-चिन्ह भेंट किया गया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें