राजधानी में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के स्थान पर कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लगाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस मामले को लेकर आज आजाद के पौत्र अमित आजाद एक दिवसीय उपवास पर राजधानी में बैठे हैं. आजाद के परिजन भी दिल्ली के अलावा बिहार और उत्तरप्रदेश में उपवास पर बैठे हैं.
राजधानी भोपाल के नानके पेट्रोल पंप तिराहे पर लगी शहीद आजाद की प्रतिमा को यहां लगने वाले जाम और ट्रैफिक के चलते हटा दिया गया था. वहीं अब उसी जगह पर कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह की मूर्ति लगाई जा रही है. भोपाल नगर निगम के अनुसार न्यू मार्केट इलाके के इस तिराहे पर लगी आजाद की प्रतिमा को यातायात में सुधार के नाम पर करीब तीन वर्ष पूर्व यहां से स्थानांतरित किया गया था. अब उसी स्थान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाई जा रही है. इसका भाजपा लगातार विरोध कर रही है. इस मामले में चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद भोपाल में एक दिन के उपवास पर बैठे हैं. वहीं भोपाल और दिल्ली सहित देश के कई स्थानों पर आजाद के परिजन और उनके द्वारा गठित हिंदुस्तान रिपब्लिकन आर्मी से जुड़े लोग एक दिन का उपवास कर रहे हैं. अमित के पिता चंद्रशेखर आजाद के भतीजे सुजीत आजाद तिवारी दिल्ली के जंतर मंतर पर उपवास पर बैठे हैं. इसके अलावा बिहार के पूर्णिया, मुंबई, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर सहित देश के कई स्थानों पर आज उपवास किया जा रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें