रविवार, 29 दिसंबर 2019

मायावती ने विधायक रामबाई को किया निलंबित

रामबाई 
नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करना पड़ा महंगा

मध्यप्रदेश के पथरिया विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी की विधायक रामबाई को आज बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी से निलंबित कर दिया है. रामबाई पर निलंबन की कार्यवाही नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन को लेकर की गई है. बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी.
मध्यप्रदेश की बसपा विधायक रामबाई को नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करना महंगा  पड़ गया. रमाबाई परिहार को बहुजन समाज पार्टी ने निलंबित कर दिया है. बता दें कि रमाबाई ने नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन किया था. पार्टी ने उनके किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने पर भी रोक लगा दी है.गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ को सरकार बचाने के लिए बसपा विधायकों के समर्थन की जरूरत है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वे जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं. 
मायावती ने ट्वीट कर दी जानकारी
मायावती ने बसपा विधायक के निलंबन की जानकारी ट्वीट कर दी है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि बसपा अनुशासित पार्टी है व इसे तोड़ने पर पार्टी के विधायक और सांसद आदि के विरूद्ध भी तुरंत कार्रवाई की जाती है. इसी क्रम में मध्यप्रदेश  में पथरिया से बसपा विधायक रमाबाई परिहार द्वारा सीएए का समर्थन करने पर उनको पार्टी से निलंबित कर दिया है.उनपर पार्टी कार्यक्रम में भाग लेने पर भी रोक लगा दी गई है.
मैं बहन मायावती से मांगती हूं माफी: रामबाई
विधायक रामबाई ने मायावती द्वारा निलंबन की कार्रवाई किए जाने के बाद मीडिया में सफाई दी. उन्होंने कहा कि मेरा बयान मीडिया से तोड Þमरोड़ कर पेश किया है. मेरे से अगर कोई गलती हुई है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं. उन्होंने कहा कि मैं इसके लिए बहन मायावती से माफी मांगती हूं. 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया था धन्यवाद
विधायक रामबाई परिहार ने एक कार्यक्रम के दौरान सीएए का समर्थन किया था. बसपा विधायक रामबाई ने मीडिया से बातचीत के दौरान नागरिकता कानून लागू करने पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया था. उन्होंने कहा था कि नागरिकता कानून लागू करने का निर्णय तो बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था. उन्होंने आगे कहा कि चंद लोग जो इस कानून का विरोध करते हुए हिंसा फैला रहे हैं उन्हें इसकी समझ नहीं हैं. उनके इस बयान को लेकर कार्रवाई की गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें