मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य शहरों में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध मुस्लिम समाज के लोगों ने तेज कर दिया है. राजधानी में आज यह विरोध इकबाल मैदान में जुमे की नमाज अदा किए जाने के बाद हुआ. विरोध को देखते हुए राजधानी भोपाल में आज मोबाइल फोन पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई.
मध्यप्रदेश में मुस्लिम समाज द्वारा नागरिकता संशोधन कानून का विरोध तेज कर दिया गया. आज राजधानी भोपाल में जुमे की नमाज के बाद यह विरोध दिखाई दिया. इकबाल मैदान पर मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए और हाथों में पोस्टर, बैनर लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. मुस्लिम समाज के विरोध को देखते हुए राजधानी भोपाल में वैसे तो धारा 144 गुरुवार से ही लगा दी गई थी, मगर आज कुछ इलाकों में मोबाइल पर इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई, कंपनियों द्वारा यह मैसेज भी मोबाइल धारकों को भेजे गए कि 21 दिसंबर दोपहर 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेगी. वहीं यह भी कहा जा रहा है कि शासन के आगामी आदेश तक ये सेवाएं बंद रहेंगी. हालांकि प्रशासन ने इस विरोध के चलते आज शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया था, जिसके कारण विरोध शांतिपूर्वक ही रहा. मुस्लिम समाज के विरोध को देखते हुए कुछ निजी स्कूलों और कालेजों में जल्दी छुट्टी कर दी गई. हालांकि छुट्टी के अधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए. राजधानी के अलावा खण्डवा, उज्जैन, जबलपुर और राजगढ़ में भी इसी तरह के प्रदर्शन मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा किए गए.
कांग्रेस 25 को करेगी प्रदर्शन
राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून एक काला कानून है. कांग्रेस और प्रदेश की सरकार इसका विरोध करती है. उन्होंने बताया कि इस कानून के विरोध में कांग्रेस द्वारा 25 दिसंबर को प्रदर्शन किया जाएगा. वहीं राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर पार्टी इसका विरोध करेगी. यह विरोध शांतिपूर्ण तरीके से होगा. सरकार द्वारा प्रदेश में जिला प्रशासन और पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदर्शन के दौरान शांति बनी रहे, यह व्यवस्था होनी चाहिए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें