शुक्रवार, 20 दिसंबर 2019

लंबित नहीं है अधिग्रहित भूमि का मुआवजा

 सिवनी विधानसभा क्षेत्र के 31 ग्रामों में पूरा हुआ नहर निर्माण का कार्य

सिवनी विधनसभा क्षेत्र में 124 ग्रामों में नहर निर्माण का कार्य किया जा रहा है, इनमें से 31 ग्रामों में यह कार्य पूरा किया जा चुका है. शासन द्वारा नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित की भूमि का मुआवजा वितरित किया जा चुका है. 
यह जानकारी आज राज्य विधानसभा में विधायक दिनेश राय मुनमुन के प्रश्न के लिखित जवाब में जल संसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ने दी. उन्होंने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र में 124 ग्रामों में नहर निर्माण का कार्य किया जा रहा है. इनमें से 31 ग्र्रामों में निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. विधानसभा क्षेत्र  के कुल 204 ग्रामों में नहर निर्माण का कार्य प्रस्तावित है. 165 ग्रामों में  सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है, सिर्फ 26 ग्रामों में सर्वे कार्य किया जा रहा है. 13 ग्रामों में सर्वे कार्य अभी शुरु नहीं हुआ है. मंत्री ने बताया कि नहर निर्माण के लिए जो जमीन अधिग्रहित की गई, उसका मुआवजा वितरित किया जा चुका है. किसी भी किसान का मुआवजा लंबित नहीं है. एक अन्य प्रश्न के जवाब में मंत्री ने बताया कि सिवनी अंतर्गत पेंच परियोजना से 130 और लघु सिंचाई परियोजनाओं से 16 इस तरह कुल 146 ग्रामों को नहर से जोड़ने का प्रस्ताव है. 
प्रगति पर है कन्या परिसर का निर्माण कार्य
विधायक रामकिशोर कावरे के प्रश्न के लिखित जवाब में लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि परसवाड़ा में कन्या परिसर का निर्माण कार्य प्रगति पर है. शासन द्वारा इस कार्य की स्वीकृति 16 सितंबर 2016 को दी गई थी. विभाग द्वारा कार्य की प्रगति बढ़ाने के लिए ठेकेदार को अनुबंधानुसार नोटिस दिया जाकर कार्यवाही की गई है. 
28.48 करोड़ वितरित की अंत्येष्ठि सहायता राशि
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रश्न के लिखित जवाब में श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के अंतर्गत 1 जनवरी 2019 से 28 नवंबर 2019 तक की समयावधि में 56,977 प्रकरणों में 28.48 करोड़ रुपए अंत्येष्ठि सहायता राशि वितरित की गई है. उन्होंने बताया कि अंत्येष्ठि सहायता के लिए पात्रतानुसार सभी प्रकरणों को स्वीकृत किया गया है. इस समयावधि में कुल 56,977 प्रकरण ही विभाग को मिले थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें