मंगलवार, 3 दिसंबर 2019

झाबुआ सांसद डामोर पर ईओडब्ल्यू ने कसा शिकंजा


मध्यप्रदेश के झाबुआ से भाजपा सांसद जी.एस.डामोर के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है. डामोर के खिलाफ आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने सिंहस्थ घोटाले को लेकर जांच शुरु कर दी है.
भाजपा सांसद जी.एस.डामोर पर उज्जैन सिंहस्थ के दौरान टंकी खरीदी के नाम पर किए घोटाले को लेकर ईओडब्ल्यू ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. टंकी खरीदी का मामला उस वक्त का है, जब डामोर इंदौर में पीएचई विभाग में चीफ इंजीनियर पद पर पदस्थ थे. ईओडब्ल्यू में यह शिकायत इसी साल सितंबर माह में की गई थी. इसमें तत्कालीन चीफ इंजीनियर जी.एस.डामोर, तत्कालीन कार्यपालन यंत्री के अलावा उप एवं सहायक यंत्री सहित टेंडर कमेटी के पदाधिकारियों पर अनियमितता के आरोप लगे थे. शिकायत में कहा गया कि पानी की टंकियों के लिए तीन बार टेंडर बुलाए गए और इसके बाद भी बाजार से ज्यादा कीमतों पर टंकियां खरीदी गई. इस मामले को लेकर विधानसभा में कांग्रेस द्वारा कई बार मुद्दा उठाया गया, मगर मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी. अब जबकि कांग्रेस सत्ता में है, तो इसे लेकर मामला गर्मा गया है.
भाजपा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस द्वारा यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष के चलते की जा रही है. उन्होंने इसे बदले की कार्रवाई बताया. वहीं राज्य के नगरीय निकाय मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि सांसद को इस मामले में जांच में सहयोग करना चाहिए. सरकार किसी भी राजनीतिक द्वेष के चलते यह कार्रवाई नहीं कर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें