बुधवार, 4 दिसंबर 2019

मंत्री ने 40 फिट ऊंचाई पर लटककर दिया फिट रहने का संदेश

जीतू पटवारी 
 खेल मंत्री जीतू पटवारी ने कहा चढ़ेगा मध्यप्रदेश तो आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के खेल मंत्री जीतू पटवारी ने आज राजधानी भोपाल से देश और सभी राज्यों के खेल मंत्रियों को फिट रहने का संदेश 40 फिट ऊंची दिवार पर लटककर दिया. उन्होंने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कैंपस में वाल क्लांइम्बिंग की और युवाओं को फिट रहने का संदेश दिया. इसके पहले वे अपने निवास से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय तक साईकिल चलाकर गए थे.
राजधानी भोपाल में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में बुधवार को स्पोर्ट्स का एक कार्यक्रम था. उच्च शिक्षा मंत्री और खेल मंत्री जीतू पटवारी इसमें मुख्य अतिथि थे. पटवारी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने निवास से साइकिल से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय पहुंचे. उन्होंने कई किलोमीटर तक साइकिल चलाई. यूनिवर्सिटी पहुंचकर उन्होंने युवाओं को फिटनेस चैलेंज दिया. जोश से भरे युवा और खेल मामलों के मंत्री पटवारी का फिटनैस चैलेंज जारी रहा. पटवारी ने इसके बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में इनडोर रॉक क्लांइम्बिंग की. वो 40 फुट ऊंची वाल (दीवार) पर चढ़े. उसके बाद पटवारी ने केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू सहित सभी प्रदेशों के खेल मंत्रियों को फिटनेस चैंलेज दिया. उन्होंने अपने चैलेंज में कहा कि ‘चढ़ेगा मध्यप्रदेश, तो बढ़ेगा मध्यप्रदेश’ और ‘खेलेगा मध्यप्रदेश तभी तो बढ़ेगा मध्यप्रदेश’. उन्होंने यह भी आह्वान किया कि वाल क्लांइम्बिंग को प्रोमोट करना होगा, क्योंकि यह दुनिया के दुनिया के खेलों में लोकप्रिय हो रहा है.
नई खेल नीति बनाएंगे
मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि  सरकार नई खेल नीति बनाएगी. उसमें स्पोर्ट्स कोटे से पांच फीसदी तक आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा. प्रदेश भर के कालेज और विश्वविद्यालयों में नये खेल मैदान बनाने और पुरानों की हालत सुधारने पर 200 करोड़ रुपए खर्च होंगे.पायलेट प्रोजेक्ट के तहत बिजलपुर, इंदौर में स्पोर्टस प्रोजेक्ट काम्पलेक्स का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इसकी सफलता के बाद भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन में स्पोर्टस इन्फ्रा स्थापित किया जाएगा. मध्यप्रदेश में 11 स्थानों ब्यावरा, राजगढ़, खिलचीपुर, सारंगपुर, नरसिंहपुर, विदिशा, शिवपुरी, पोहरी, कोलारस, अशोकनगर, पवई में इंडोर हाल निर्माण करवाया जा रहा है. वहीं 11 स्थानों छिंदवाड़ा, आगर-मालवा, कालापीपल, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, बैतूल, खरगौन, मंदसौर, मुरैना, गुना, दमोह में इंडोर हॉल का निर्माण प्रस्तावित है. बालाघाट एवं इंदौर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हाकी टर्फ का निर्माण का प्रस्ताव है. इसके साथ ही खेल अकादमी के लिए 250 बालक खिलाड़ियों तथा 200 बालिका खिलाड़ियों के लिए छात्रावास का निर्माण कार्य प्रगति पर है. इसके साथ ही मंत्री पटवारी ने अपने विभाग की कई उपलब्धियां सामने रखीं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें