मंगलवार, 17 दिसंबर 2019

दिवंगतों को श्रद्धांजलि देकर विस की कार्यवाही स्थगित


मध्यप्रदेश विधानसभा में आज पूर्व मुख्यमंत्रियों कैलाश जोशी और बाबूलाल गौर के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्रियों तथा अन्य दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उनके सम्मान में कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी.
शीतकालीन सत्र शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने दिवंगत नेताओं के निधन की विधिवत सूचना सदन को दी. प्रजापति ने बाबूलाल गौर और कैलाश जोशी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, एस जयपाल रेड्डी, डॉ जगन्नाथ मिश्र और श्रीराम जेठमलानी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की. सदन में देश के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी एन शेषन तथा पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण नायक, मेहरबान सिंह रावत और राजबहादुर सिंह के निधन उल्लेख के साथ ही उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गयी.
मुख्यमंत्री कमलनाथ, विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र में योगदान का जिक्र किया. अंत में सदन में दो मिनट का मौन रखा गया और दिवंगतों के सम्मान में कार्यवाही कल सुबह ग्यारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी. शीतकालीन सत्र आज ही प्रारंभ हुआ है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें