राजधानी भोपाल में महापौर आलोक शर्मा के अभिनंदन समारोह में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने महापौर के खिलाफ नारेबाजी करने पर मारपीट के शिकार हुए युवक की शिकायत पर 15-20 अज्ञात युवकों के खिलाफ यह मामला दर्ज किया है. वहीं पुलिस ने भी शासकीय कार्य में बाधा डालने को लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
राजधानी भोपाल में शनिवार को महापौर आलोक शर्मा का अभिनंदन समारोह मिंटो हाल में आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में सांसद प्रज्ञा ठाकुर और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन इसी दौरान कर्यक्रम के बीच में अचानक बवाल मच गया. बताया जा रहा है कि आलोक शर्मा के समर्थकों ने एक युवक के साथ मारपीट कर डाली. बताया जा रहा है कि एनएसयूआई के करीब 20 सदस्य कार्यक्रम में आए और मुकेश पंथी सहित इन्होंने महापौर आलोक शर्मा के खिलाफ नारेबाजी कर डाली. इस बीच महापौर समर्थकों ने कैलाश पंथी को तो पकड़ लिया, मगर बाकी वहां से भाग गए. महापौर समर्थकों ने जमकर पंथी के साथ मारपीट की. मारपीट के दौरान बीच-बचाव के लिए आए पुलिसकर्मी और जहांगीराबार के थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंंह चौहान के साथ भी हाथापाई हुई. वीरेन्द्र सिंह चौहान का बीपी इस दौरान बढ़ गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जाता है कि थाना प्रभारी को भी चोट आई है.
इस मामले में आज मुकेश पंथी की शिकायत पर पुलिस ने 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. वहीं पुलिस ने भी शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में 15-20 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें