सोमवार, 2 दिसंबर 2019

आप मालेगांव कांड के लिए मशहूर है, मेरी सलाह है गांधी की विचारधारा स्वीकार करें

सांसद प्रज्ञा को विधायक गोवर्धन ने लिखा पत्र

भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और कांग्रेस के विधायक गोवर्धन दांगी के बीच उठा विवाद थम  नहीं रहा है. अब विधायक ने तीन पन्नों का एक पत्र सांसद को लिखकर उन्हें कहा है कि आप मालेगांव कांड को लेकर मशहूर हैं, मेरी सलाह है कि गांधी की विचारधारा स्वीकार करें. 
लोकसभा में नाथूराम गोडसे को लेकर दिए बयान के बाद उठे विवाद में भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह और ब्यावरा के विधायक गोवर्धन दांगी विवाद काफी कहरा गया था. हालांकि बाद में दांगी ने अपने कथन के लिए माफी मांग ली थी. मगर उसके बाद सांसद प्रज्ञा सिंह ने 8 दिसंबर को ब्यावरा में विधायक के घर जाने की बात कही है. इसके बाद अब विधायक दांगी ने सांसद को 3 पन्नों का एक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि आप मालेगांव कांड से मशहूर हुई हैं. मेरी सलाह है कि आप गांधी विचारधारा अपना लें. अगर आप ऐसा करती हैं तो आपकी मनोवृत्ति सुधरेगी और हम आपका वेलकम करेंगे.
दांगी ने आगे लिखा कि हिंसा का प्रतिरूप नाथूराम गोडसे रह-रह कर आपकी जबान पर आ जाता है. यह कहावत वैसे ही नहीं बनी कि मुंह में राम बगल में छुरी. आपके दिल और दिमाग में गांधी है या नहीं, पर आपका गोडसे चिंतन जरूर आपके मुंह से बार-बार बाहर आ जाता है.
बता दें कि पिछले सप्ताह ही प्रज्ञा द्वारा संसद की कार्यवाही के दौरान की नाथूराम गोडसे पर दिए गए बयान के बाद जमकर हंगामा मचा था. कांग्रेसियों ने उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी. हालांकि, बाद में प्रज्ञा ने माफी मांग ली थी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें