सोमवार, 2 दिसंबर 2019

हर जिले में होगा युवा आक्रोश आंदोलन 19 को


 प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवाओं को छला है. विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने युवाओं से लोकलुभावन वायदे किए थे. सरकार एक साल पूरा करने पर उपलब्धियां बताने की बात कर रही है, लेकिन उसके पास अपार नाकामियां हैं. उसने हर कदम पर युवाओं को छलने का काम किया है. भारतीय जनता युवा मोर्चा सरकार की एक साल की नाकामियों के खिलाफ 19 दिसंबर को हर जिले में युवा आक्रोश आंदोलन करेगा.
 यह बात युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. अभिलाष पाण्डे ने  प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. पाण्डे ने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के युवा के साथ धोखेबाजी की है. बेरोजगार युवाओं को न रोजगार मिला है न 4 हजार रुपए भत्ता मिला है. भाजपा सरकार के समय मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन और लेपटाप मिलते थे. भ्रष्ट और निकम्मी कांग्रेस सरकार अभी तक मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन और लेपटाप वितरित नहीं कर पाई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनते ही हर युवा को रोजगार देने का वचन दिया था, लेकिन सरकार बनते ही भैस चराने, बैंड-बाजे बजाने की ट्रेनिंग देकर पढ़े-लिखे युवाओं के साथ कू्रर मजाक किया.
उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को प्रदेश में होने वाले युवा आक्रोश आंदोलन को लेकर जिला एवं मंडल स्तर तक चरणबद्ध कार्यक्रम होंगे. इन कार्यक्रमों के लिए संभाग, जिला एवं मंडल स्तरों तक समिति का गठन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 19 दिसम्बर के पूर्व प्रदेश भर में हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, धरना प्रदर्शन, काली पट्टिका के साथ विरोध प्रदर्शन, मौन धरना, सोती हुई सरकार को जगाने के लिए बैंड-बाजे बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा. आंदोलन प्रभावी हो और युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो इसके लिए आंदोलन के पूर्व 4 दिसंबर को संभागीय बैठक, 6 दिसंबर को जिला बैठक, 8 एवं 9 दिसंबर को मंडल बैठक एवं 10 से 18 दिसंबर तक हस्ताक्षर अभियान एवं पंजीयन होगा. 19 दिसंबर का आंदोलन में प्रदेश सरकार के खिलाफ युवा सड़कों पर उतरेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें