बुधवार, 4 दिसंबर 2019

सरकार चलाने के बजाय सरकार को बचाने में लगे हैं कमलनाथ

गोपाल भार्गव 
नेता प्रतिपक्ष में यूरिया संकट को लेकर सरकार पर बोला हमला

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने आज फिर प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने प्रदेश में गहराए यूरिया संकट को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ, सरकार चलाने के बजाय सरकार को बचाने में व्यसत हैं. यही कारण है कि यूरिया संकट गहराया हुआ है और कालाबाजारी भी खूब हो रही है.
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार पर यूरिया संकट को लेकर निशाना साधा है. भार्गव का कहना है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ, सरकार बचाने में ज्यादा व्यस्त है, सरकार चलाने में उनका ध्यान नहीं है. इसलिए ये हालात बन गए हैं कि, थानों से यूरिया खाद का वितरण करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि प्रदेश का किसान हर मामले में ठगा गया है. किसानों की न तो कर्ज माफी हुई और न ही फसल बीमा मिला. आलम ये है कि अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है.
 भार्गव ने कहा कि पुलिस थानों से यूरिया बांट रही है. किसानों को जहां 10 और 20 बोरी चाहिए, वहां एक या दो बोरी यूरिया मिल रही है. उन्होंने कमलनाथ सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कुल मिलाकर यह अव्यवस्था है. मुख्यमंत्री अपनी सरकार बचाने में लगे हुए हैं, सरकार चलाने में किसी की रुचि नहीं है. यूरिया के संकट से किसान मरा जा रहा है. सरकार तबादलों में व्यस्त है.
कमलनाथ सरकार को केन्द्र सरकार का फोबिया
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यूरिया संकट को लेकर कहा कि किसानों के हर मुद्दे पर राज्य सरकार असफल रही है. प्रदेश में यूरिया की कमी को लेकर कांग्रेस द्वारा केन्द्र सरकार पर आरोप लगाने को लेकर मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ सरकार को केन्द्र सरकार का फोबिया हो गया है. उन्होंने कहा कि सरकार मेरी जिज्ञासा शांत करने के लिए यह बताए कि अगर यूरिया की कमी है तो बाजार में वह ब्लैक में कैसे मिल रहा है. यूरिया की कालाबाजारी कैसे हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने 10 किसानों के कर्ज माफ नहीं किए है, जिनका 2 लाख रुपए तक का कर्ज था. उन्होंने कहा कि ऐसे किसानों को मुझे टीवी पर लाकर दिखा देना मैं उन किसानों के गले में माला डालूंगा. 
यूरिया दो या गिरफ्तार करो
मध्यप्रदेश के सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रदीप लारिया पर प्रकरण दर्ज किए जाने का विरोध राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है. चौहान ट्वीट कर कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार निकम्मी, अर्कमण्य और नाकारा है. किसानों की आवाज उठाने वाले विधायक प्रदीप लारिया पर प्रकरण दर्ज किया गया है, मैं उसका विरोध करता हूं. प्रशासन उन्हें गिरफ्तार करे, मैं उनके साथ गिरफ्तारी देने आ रहा हूं. शिवराज ने अपने ट्वीट में लिखा है कि यूरिया दो या गिरफ्तार करो. गौरतलब है कि मंगलवार को नरयावली में विधायक प्रदीप लारिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यूरिया संकट को लेकर धरना दिया था. इस दौरान एक युवक गणेश पटेल की शिकायत पर उनके खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया था. गणेश पटेल धरना स्थल से निकल रहे थे, तभी उन्हें प्रदीप लारिया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोक लिया था. इसके विरोध में उन्होंने थाने जाकर यह शिकायत दर्ज कराई थी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें