शुक्रवार, 27 दिसंबर 2019

शीतलहर की चपेट में मध्यप्रदेश, कई जिलों में ‘कोल्ड डे’

छाया रहेगा कोहरा, पाला गिरने की भी चेतावनी

मध्यप्रदेश इन दिनों शीतलहर की चपेट में है. राज्य के कई जिलों में शीतलदिन ‘कोल्ड डे’ रहा है. वहीं कई जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान ‘कोल्ड डे’ रहने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है. मौसम विभाग  ने राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाने और पाला गिरने की भी चेतावनी दी है.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में शीतलहर का असर दिखाई दे रहा है. राज्य के दर्जनभर से ज्यादा जिलों में गुरुवार को ‘कोल्ड डे’ रहा. राजधानी भोपाल में गुरुवार की रात को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा. वहीं आज भी दिन में धूप तो निकली, मगर ठंड का असर बरकरार रहा. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य के रीवा, सतना, बालाघाट, सिवनी, सागर, टीकमगढ़, बैतूल, भोपाल, राजगढ़, रायसेन, इंदौर, धार और रतलाम जिलों में ‘कोल्ड डे’ रहा. वहीं उमरिया, जबलपुर, सिवनी, छतरपुर, सागर, टीकमगढ़, रायसेन, रतलाम, दतिया, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में शीतलहर का असर रहा. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के उमरिया, टीकमगढ़, दतिया, ग्वालियर और श्योपुरकलां में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में उत्तर से आ रही सर्द हवाओं ने ठंड को बढ़ाया है. 
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार  हवा के ऊपरी भाग में पश्चिमी विक्षोभ होगा और नीचे की हवाओं का दिशा पूर्वी होगी. यही नहीं, उत्तर की ओर से शुष्क हवाएं आएंगे, दक्षिण की ओर से आने वाली हवाओं में नमी होगी. दो अलग-अलग प्रकृति की हवाओं के टकराव के कारण 30 दिसंबर से एक जनवरी तक बादल छाने और बूंदाबांदी होने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश पर उत्तर भारत के पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं अपना असर दिखाएंगी जिसके चलते इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, भोपाल, ग्वालियर सहित कई इलाकों में दिन और रात के तापमान में बड़ी गिरावट होगी.
इन जिलों में रहेगा ‘कोल्ड डे’
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और भोपाल संभाग के जिलों में शीतलहर का असर दिखाई देगा. वहीं सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, होशंगाबाद और भोपाल संभाग के जिलों में ‘कोल्ड डे’ रहेगा. इसके अलावा सागर,रीवा, शहडोल, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में घना कोहरा छाएगा और पाला गिरने की भी संभावना है.
नये साल में दिखेगा बारिश का असर
मौसम विभाग  के अनुसार नया साल 2020 मध्यप्रदेश के लिए हल्की बारिश लेकर आने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अनुमान है कि 1 और 2 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश की तीव्रता बहुत ज्यादा नहीं होगी, लेकिन इस दौरान बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना रहेगी. इसके चलते नया साल का पहला सप्ताह भी प्रदेश कड़ाके की सर्दी के आगोश में रह सकता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें