
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कल्चुरी समाज अपने पुरुषार्थ और परिश्रम से आगे बढ़ा है. प्रसन्नता की बात है कि कल्चुरी समाज में महिला सशक्तिकरण की गतिविधियां शुरू की गई हैं. चौहान ने कहा कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं. समाज इसमें सरकार के साथ खड़ा हो. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना शुरू की है. इसमें अब परिवार की आय सीमा 6 लाख रुपए से बढ़ाकर 8 लाख रुपए की जाएगी. युवा उद्यमियों के लिए 100 करोड़ रुपए का वेंचर फंड स्थापित किया है. मुख्यमंत्री ने युवाओं का आव्हान किया कि उद्यमी बनें और प्रदेश के विकास में योगदान करें. मुख्यमंत्री आज राजधानी भोपाल में सहस्त्रबाहु कल्चुरी महासभा के अखिल भारतीय नि:शुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर और सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग विशेष रूप से उपस्थित थे. कार्यक्रम में कल्चुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी ने बताया कि कल्चुरी समाज अब हर माह एक दिन गरीब कन्याओं का विवाह करवाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की स्मारिका और कल्चुरी समाज की एक झलक पुस्तक का विमोचन किया. मुख्यमंत्री को समाज की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया. चौहान ने इस मौके पर वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें