शुक्रवार, 29 दिसंबर 2017

मध्यप्रदेश में मंत्रियों ने किया नये साल के जश्न का विरोध

गोपाल भार्गव 
जयभान सिंह पवैया 

राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव और उच्च शिक्षामंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि नए साल का जश्न पश्चिमी अवधारणा है. उन्होंने कहा कि भारत के लोगों को अपनी परंपराओं का पालन करना चाहिए. खुले आम नए साल के जश्न का विरोध करने वाले पवैया ने कहा कि यह पश्चिमी मान्यता है और लोगों को अंग्रेजी कैलेंडर का पालन नहीं करना चाहिए. उन्होंने ग्वालियर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुओं का अपना कैलेंडर है जो अपनी संस्कृति को बचाए रखने के लिए कड़ाई से पालन करने की जरूरत है. हमें हिंदू कैलेंडर के हिसाब से त्योहारों को मनाना चाहिए.  इस बीच भार्गव ने भी पवैया का समर्थन करते हुए कहा कि मैं निजी रूप से नया साल नहीं मनाता. हम अपनी परंपरा का पालन करते हैं और पश्चिमी त्योहारों की नकल नहीं करते हैं.हमारा नया साल हिंदू कैलेंडर के हिसाब से आता है और लोगों को अपनी परंपराओं का सम्मान करना चाहिए न कि अंग्रेजों का. उधर, विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इसको लेकर हमला बोला है. राज्य कांग्रेस प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा, भाजपा नेताओं को कई बार अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से जन्मदिन मनाते देखा गया है. उन्हें बड़े होटलों में नए साल का जश्न मनाते देखा गया है लेकिन राजनीतिकरण के लिए वे दूसरों पर हिंदू परंपरा थोप रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें