गुरुवार, 28 दिसंबर 2017

किसानों की समस्याओं को लेकर आप ने बोला हल्ला

आम आदमी पार्टी ने  मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के खरगापुर के मेला ग्राउंड में आक्रोश रैली का आयोजन कर बिजली और किसानों की समस्याओं के खिलाफ जमकर हल्ला बोला.  रैली में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश संगठन सचिव अमित भटनागर ने की. महिला शक्ति की प्रदेश सह संयोजिका लक्ष्मी चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं.
सभा को संबोधित करते हुए आलोक अग्रवाल ने बुंदेलखंड के नेताओं को ही यहां के पिछड़ेपन का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों का शोषण चरम सीमा पर है , रोज 5 किसान आत्महत्या कर रहे हैं , भावान्तर योजना में लगातार अनियमितताए चल रही हैं. सरकार भावान्तर योजना का लाभ किसानों को पहुंचाने की वजाय सरकार की नाकामी छुपाने की योजना बना रही है. बिजली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह ने पिछले दिनों सभा मे कहा कि अब आपको बिजली का करंट नही लगेगा. मुझे सुनकर अच्छा लगा कम से कम शिवराज सिंह ने माना तो सही की पछले 14 साल से वे बिजली का करेंट जनता को दे रहे थे. हमने मंहगी बिजली के खिलाफ लड़ाई लड़ी तो हमें शिवराज सिंह ने जेल में डाल दिया. मैं 17 दिन जेल में रहकर आया हूँ, लेकिन यह लड़ाई रूकने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि हम मंहगी बिजली के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे उसके लिए हमें चाहे 17 महीने तक जेल में रहना पड़े. अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों को 20 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाता है, लेकिन यह शिवराज सरकार मुवावजे के नाम पर सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार करती है.
प्रदेश संगठन सचिव व बुंदेलखंड जोन अमित भटनागर ने किसान सभा में सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार लगातार किसानों के साथ छल कर रही है. ऐसी कोई भी योजना नहीं है जिससे हमारे अन्नदाता को लाभ मिल सके. जो योजनाएं चल रहीं हैं वे भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहीं है.भावान्तर योजना के माध्ययम से सरकार अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रही है, इसमें अन्नदाता को कोई राहत नहीं है. कई अनियमितताएं चल रहीं है इस योजना में.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें