मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

भरी ठंड में जलसत्याग्रह किया दिव्यांगों ने


राजधानी में भरी ठंड के मौसम में दिव्यांगों ने अपनी 23 सूत्री मांगों के समर्थन में आज मंगलवार को पानी में सत्याग्रह किया.अपनी मांगों के लिए दिव्यांग बीते 9 दिनों से नीलम पार्क में धरने पर बैठे थे. 9 दिनों तक प्रदेश सरकार के अनदेखी रवैए से गुस्साए दिव्यांगों ने कड़कड़ाती ठंड में जल सत्याग्रह करने का फैसला लिया.
 दिव्यांगों के जल सत्याग्रह की जानकारी लगते ही प्रदेश सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, दिव्यांगों से मिलने के लिए छोटी झील किनारे पहुंचे. मंत्री द्वारा दिव्यांगों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा. मंत्री के आश्वासन को नकारते हुए दिव्यांगों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. उल्लेखनीय है कि रोजगार, हास्टल सुविधा दिए जाने समेत 23 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदेश के दिव्यांग, बीते 18 दिसंबर से धरने पर बैठे हैं. प्रदेश सरकार के रवैए के विरोध में दिव्यांगों ने कल सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को काले दिवस के रूप में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया था. आज मंगलवार को दिव्यांगों ने जल सत्याग्रह करते हुए चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं करेगी, तो वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें