मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

जनता का स्नेह विकास के लिए करता है प्रेरित

शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि शिवपुरी जिले की पिपरई में जनता से मिले अपार स्नेह से अभिभूत हूं. यही स्नेह और प्रेम मुझे सदैव प्रदेश के उत्थान और चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रेरित करता रहता है. हम सब मिलकर मध्यप्रदेश को दुनिया का नंबर एक राज्य बनाने का स्वप्न साकार करेंगे.
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिपरई में हितग्राही सम्मेलन व सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में आज मंगलवार को मुख्यमंत्री ने भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे बेटे-बेटियों तुम मेरे प्राण हो, मैं तुम्हारी आँखों के सपनों को मरने नहीं दूंगा. तुम पढ़ो और तुम्हारी शिक्षा की राह में आने वाली हर बाधा को तुम्हारा मामा शिवराज दूर करेग. मुख्यमंत्री ने कहा कि  जनता ही मेरी जिंदगी है, मैं अपनी जिंदगी से दूर नहीं रह सकता हूं. प्रदेश का विकास और लोगों का कल्याण ही मेरे जीवन का ध्येय है. पिपरई में विकास के सभी काम किए जाएंगे, यहां शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा. हम योजना बना रहे हैं कि गरीब बिजली के मीटर के चक्कर से छुटकारा पा जाएं, इसके लिए सीधा सा फार्मूला है कि 200 रुपए दे जाओ और बिजली लो, बिल ज्यादा आने का झंझट ही नहीं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक युवा उद्यमी योजना हमने बनाई है, जिसमें कृषि संबंधित उद्योग लगाने वाले किसानों के बेटे-बेटियों को 10 लाख से 2 करोड़ रुपए तक ऋण दिया जाएगा और लोन की गारंटी राज्य सरकार देगी. मासूम बेटियों के साथ दुराचार करने वालों को फांसी की सजा के लिए मध्यप्रदेश ने विधेयक बनाया है. चार दुराचारियों के विरुद्ध डेढ़ महीने में ही फैसला आ गया. फास्ट ट्रैक अदालत ने आजीवन कारावास की सजा दी. 2018 तक कोई भी घर बिना बिजली के नहीं रहेगा. हर घर को रौशन कर दिया जाएगा. मुंगावली को विकास की दृष्टि से आदर्श विधान सभा बना दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें