![]() |
| शिवराज सिंह चौहान |
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंडीदीप में अंत्योदय-सह-स्व-रोजगार मेले में 820 करोड़ की लागत के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. चौहान ने मेले में सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं से भी 33 हजार हितग्राहियों को लाभांवित किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरलाल पटवा के दिखाए मार्ग पर चल कर राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए संकल्पित प्रयास कर रही है. प्रदेश को देश में प्रथम पंक्ति का राज्य बनाने के लिए विकास एवं कल्याण की योजनाएं चलाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए भावांतर योजना बनाई गई है. इस योजना में चार हजार किसानों को अभी तक 400 करोड़ की भावांतर राशि का भुगतान किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए नई समाधान योजना बनाई जा रही है, इसमें डिफाल्टर किसानों को मूलधन की किश्त बनाकर शून्य प्रतिशत ब्याज पर जमा करने का अवसर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि गरीबों को आवासीय पट्टे देकर उन्हें अपने घर का मालिक बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है. चौहान ने बताया कि भोजपुर क्षेत्र के शहरी गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में 5 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त आय के स्रोत निर्मित करने के उद्देश्य से उन्हें रेत खदानों की नीलामी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. चौहान ने बताया कि गरीबों के घर में रोशनी के लिए 200 रूपए एवरेज पर बिना मीटर के विद्युत प्रदाय किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के साथ दुराचार करने वालों को फांसी की सजा दिलाने के लिये विधानसभा में विधेयक पास किया गया है. चौहान ने मंडीदीप में पालीटेक्निक कालेज और बाड़ी तथा सुल्तानपुर में कालेज खोलने की घोषणा की.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें