
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता से करवाएं. उन्होंने कहा कि अधिकारी विनम्र रहें, लेकिन साथ में दृढ़ भी रहें. निर्देशों के पालन में कोताही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम ने यह निर्देश जनवरी माह में प्रस्तावित नगरीय निकाय निर्वाचन से संबंधित जिलों के कलेक्टर, एसपी एवं अन्य अधिकारियों की बैठक में दिए. परशुराम ने कहा कि छोटे से छोटा चुनाव भी उतना ही महत्वपूर्ण हैं, जितने लोकसभा और विधानसभा के चुनाव हैं. किसी भी सूरत में इन्हें कम नहीं आंकें. उन्होंने ने कहा कि आदर्श आचरण संहिता का पूरी तरह से पालन कराएं. यह केन्द्रीय कर्मचारियों पर भी लागू होगी. पेड-न्यूज से संबंधित खबरों की मॉनिटरिंग नियमित रूप से करें. दिव्यांगों के लिए मतदान-केन्द्रों में रैम्प बनवाएं और व्हील-चेयर की व्यवस्था करें. बैठक में ही आॅनलाइन फार्म भरकर प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई. उप सचिव गिरीश शर्मा ने मोबाइल एप और सेंस के बारे में विस्तार से बताया. धार जिले के 9, बड़वानी के 7, खंडवा, गुना, शिवपुरी, अनूपपुर में एक-एक नगरीय निकाय में आम निर्वाचन प्रस्तावित है.
व्यय की जानकारी पोर्टल पर करवाएं अपलोड
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन व्यय की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करवाएं. क्रिटिकल पोलिंग स्टेशनों में मतदान की वीडियोग्राफी करवाएं. सभी मतदाताओं को मतदाता पर्ची बीएलओ के माध्यम से बंटवाए. चुनावी सभा के लिए समान रूप से सभी दलों को अनुमति दी जाए. परशुराम ने बताया कि अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन-पत्र आनलाइन भरने की भी सुविधा दी गई है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में व्यापक-स्तर पर प्रशिक्षण दिलवाकर अधिक से अधिक फार्म आॅनलाइन भरवाने के लिए प्रोत्साहित करें. उप सचिव दीपक शर्मा ने आॅनलाइन फार्म भरने और ईवीएम रेंडमाइजेशन के बारे में विस्तार से बताया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें