गुरुवार, 21 दिसंबर 2017

मुखबिरी की आशंका के चलते नक्सलियों ने मारा ग्रामीण को

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक बार फिर लाल आतंक की दहशत है. यहां नक्सलियों ने मुखबिरी की आशंका में एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है.
बालाघाट जिले के डाबरी गांव में मेला लगा हुआ था. इस मेले में छन्नूलाल टेकाम भी घूमने के लिए गया था. नक्सलियों को छन्नूलाल की मौजूदगी की सूचना मिल गई थी. रात को करीब 9 बजे गांव के करीब ही नक्सलियों ने छन्नूलाल को घेरकर गोली मार दी.  छन्नूलाल को तुरंत नजदीक के अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने छन्नूलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.  नक्सली एक साल पहले भी सोनगुड्ड के बाजार में छन्नूलाल पर हमला कर चुके हैं, उस दौरान वह बच गया था, लेकिन इस हमले में उसके एक साथी की मौत हो गई थी. हमले के बाद से वो लांजी में जाकर रहने लगा था. हालांकि, छन्नूलाल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस अभी सीधे तौर पर नक्सलियों का हाथ होने से इनकार कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें