मध्यप्रदेश में किसानों द्वारा खुदकुशी किए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है. राज्य के सीहोर और हरदा जिलों में कर्ज से परेशान होकर दो किसानों द्वारा फिर खुदकुशी किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस अधीक्षक हरदा राजेश कुमार सिंह के अनुसार हरदा जिले की टिमरनी तहसील के ग्राम खोड्याखेड़ी में किसान अंतर सिंह राजपूत ने जहरीली गोली खा ली थी. इसके बाद उसकी मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले में जांच शुरू कर दी है. सिंह ने बताया कि मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि उसने यह जघन्य कदम क्यों उठाया. हरदा के अलावा राज्य के सीहोर जिले के इछावार थाना क्षेत्र में भी एक किसान ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली. इछावर पुलिस के अनुसार ग्राम आर्या के किसान हरजी लाल की भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई. उसने पिछले सप्ताह आर्या गांव स्थित अपने घर में जहरीला पदार्थ पिया था. उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है. अभी यह बताया जा सकता है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया. हरजी लाल के बेटे शिवचरण ने बताया, मेरे पिताजी पर दो लाख रुपए से अधिक का कर्ज था, जिसको लेकर वह परेशान थे. इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें