शुक्रवार, 29 दिसंबर 2017

अतिथि शिक्षकों ने मांगी भीख

राजधानी में अतिथि शिक्षकों का धरना, प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी रहा. आज अतिथि शिक्षकों ने भीख मांगकर अपना विरोध जताया. राजधानी के नीलम पार्क में अतिथि शिक्षकों का धरना आज शुक्रवार को भी जारी रहा. धरने के दूसरे दिन प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक भोपाल पहुंचे हैं. अतिथि शिक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उनका धरना, प्रदर्शन जारी रहेगा. अतिथि शिक्षकों के अलावा नीलम पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना भी जारी है. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मांगे पूरी न होने तक उनकी अनिश्चितकाली हड़ताल जारी रहेगी.   उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की हाल ही में 25 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा के बाद करीब 50 हजार से ज्यादा अतिथि शिक्षक विरोध के मूड में आ गए हैं. अतिथि शिक्षकों ने सरकार के सामने 100 फीसदी आरक्षण की मांग रखी है. इसी के कारण नियमितिकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अतिथि शिक्षकों ने भोपाल में बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है. जिसमें आंगनबाड़ी कर्मी और आशा कर्मी भी शामिल हैं.
नेता प्रतिपक्ष पहुंचे धरना स्थल पर 
अतिथि शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चल रहे धरना स्थल पर आज नेता प्रतिपक्ष अजयसिंंह पहुंचे और कांग्रेस का समर्थन धरने को दिया. सिंह ने कहा कि अतिथि शिक्षकों की मांग जायज है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान घोषणा तो कर देते हैं, मगर उसे पूरा नहीं करते. उन्होंने कहा कि अब तक सदन भी वे पूरे समय तक नहीं चलने देते हैं. मैं किस तरह अतिथि शिक्षकों की आवाज सदन में उठाऊं. उन्होंने कहा कि शिवराज यह कहते हैं कि पहले के मुख्यमंत्री सिगरेट के पैकेट पर नौकरी के आदेश दिया करते थे, तो मुझे उनके इस कथन पर गर्व है. कम से कम वे मुख्यमंत्री बेरोजगारों की बात तो सुनते थे और उनकी मांग को भी पूरा करते थे. सिंह ने कहा कि सरकार को सभी नियमों को शिथिल करते हुए अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित किया जाना चाहिए. उनकी जायज मांगों को सरकार को पूरा करना चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें