गुरुवार, 21 दिसंबर 2017

मध्यप्रदेश में एक दिन में मिलेंगी सेवाएं

 डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ी पहल, मुख्यमंत्री 11 जनवरी को करेंगे शुभारंभ
प्रदेश में डिजिटल सुशासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए अब नागरिकों को समाधान एक दिन -तत्काल सेवा प्रदाय की नई व्यवस्था के अंतर्गत एक दिन में सेवाएं मिलने लगेंगी.
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान नई व्यवस्था की शुरूआत 11 जनवरी 2018 को करेंगे. प्रारंभिक रूप से 14 विभागों की 45 सेवाओं को शामिल किया गया है जिनका प्रदाय एक ही दिन में हो जाएगा. लोक सेवा प्रबंधन विभाग ने लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से सेवाओं के प्रदाय की तैयारियां कर ली हैं. नागरिक किसी भी लोक सेवा केन्द्र में सुबह साढ़े नौ बजे से डेढ़ बजे तक चिन्हित सेवाओं में से चाही गई सेवा के लिए आवेदन दे सकेंगे. उन्हें शाम तक सेवा प्रदाय हो जाएगी. इसके लिए सेवाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों और जिला एवं तहसील स्तर पर संबंधित अधिकारियों को अधिकृत किया जाएगा. लोक सेवा केन्द्रों में सहायक स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी. मुख्यमंत्री ने गत दिवस समाधान एक दिन -तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था में दी जाने वाली सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की.  यह सेवाएं लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं में से ली गई हैं जिनके प्रदाय के लिये अलग-अलग समय अवधि निर्धारित हैं.
मुख्यमंत्री ने सेवा प्रदाय से जुड़े अमले को पर्याप्त प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये. बैठक में बताया गया हकि इसके लिए जिला, विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी. इनमें तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगरपालिक सीएमओ, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, रेंज आफिसर, सीडीपीओ स्तर के अधिकारियों को सेवाएं देने के लिए अधिकृत किया जाएगा. संबंधित अधिकारियों और सेवा प्रदाय से जुडे अमले के लिये विशेष उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें