बुधवार, 27 दिसंबर 2017

मंत्री के बंगले का घेराव, पुलिस से की झूमाझटकी

दिव्यांगों के जलसत्याग्रह के बाद भी उनकी मांगे पूरी न होते देख आज प्रदेश कांग्रेस ने उनके समर्थन में पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले का घेराव किया. घेराव करने से रोकने पर पुलिस के साथ झूमाझटकी भी की गई. इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग भी किया.
राजधानी में दिव्यांगों का 23 सूत्री मांगों को लेकर चल रहा प्रदर्शन आज दसवें दिन भी जारी रहा. मंगलवार को दिव्यांगों ने सरकार द्वारा उनकी मांगों पर विचार तक न किए जाने के बाद जल सत्याग्रह किया था. इसके बाद आज प्रदेश कांग्रेस ने दिव्यांगों के समर्थन में उतरकर पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव के निवास पर घेराव करने की तैयारी की. सुबह जब कांग्रेस कार्यकर्ता भार्गव के निवास की ओर भीड़ की शक्ल में बढ़े तो भार्गव के निवास पर पुलिस बल बढ़ा दिया.  वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.सी.शर्मा के नेतृत्व में घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जब भार्गव के निवास के बाहर रोका तो वे वहीं धरने पर बैठ गए. इस दौरान पुलिस से बहस भी हुई. बहस के बाद जब कार्यकर्ता नहीं हटे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इस पर पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई. कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा. कांगे्रस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार को दिव्यांगों की मांग को जल्द पूरा करना चाहिए. सरकार ने अगर दिव्यांगों की मांग पूरी नहीं की तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी. वहीं दिव्यांगों का प्रदर्शन आज दसवें दिन भी जारी रहा. नीलम पार्क में किए जा रहे धरना देकर प्रदर्शन कर रहे दिव्यांगों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, तब तक उनका धरना, प्रदर्शन जारी रहेगा. चाहे उसके लिए उन्हें 100 दिन या उससे भी अधिक समय के लिए धरना देना पड़े. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें