शुक्रवार, 29 दिसंबर 2017

मध्यप्रदेश के नीमच में सवारी के लिए ई-रिक्शा पहली पसंद

मध्यप्रदेश के नीमच शहर में लोगों की पसंद ई-रिक्शा बन गया है. यहां पर लोग ई-रिक्शा की सवारी करना ज्यादा पसंद करते हैं. पहले किराये पर आटो रिक्शा चलाने वाले नीमच के चंचल भटनागर ने भी अपना स्वयं का ई-रिक्शा खरीद लिया है. ई-रिक्शा से चंचल को अब प्रतिदिन 300 से 400 रुपए की आमदनी हो रही है. साथ ही रोज के किराए के भुगतान एवं डीजल-पेट्रोल भरवाने की चिंता से मुक्ति भी मिल गई है. आटो चालक चंचल भटनागर पहले किराए पर आटो लेकर चलाया करते थे. किराए और पेट्रोल भुगतान करने के बाद बमुश्किल उन्हें 200 रुपए प्रतिदिन की आमदनी हो पाती थी. चंचल को मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना की जानकारी मिली. इसके लिए उन्होंने नगरपालिका में संबंधित अधिकारी से सम्पर्क किया और उन्होंने ई-रिक्शा खरीदने की मंशा बताई. तमाम परीक्षण के बाद उनका प्रकरण राष्ट्रीयकृत बैंक को भेजा गया. इलाहाबाद बैंक ने उनके प्रकरण पर एक लाख 40 हजार रुपए की ऋण राशि मंजूर की. इसके साथ ही चंचल भटनागर को करीब 28 हजार रुपए का अनुदान भी मिला. लगातार दूषित हो रहे पर्यावरण के कारण नीमच शहर में ई-रिक्शा की मांग बढ़ी है. वक्त की मांग को देखते हुए ही चंचल ने ई-रिक्शा खरीदने का निर्णय लिया था. चंचल की सफलता को देखते हुए अन्य लोगों ने भी स्व-रोजगार के लिए राज्य सरकार की मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना में लाभ लेने का मन बनाया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें