बुधवार, 27 दिसंबर 2017

नकली सोने की चूड़ियां देकर लोन लेने का प्रयास


इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस लिमिटेड (आईआईएफएल) गोल्ड लोन्स भोपाल से नकली सोने की चूड़ियों देकर करीब डेढ़ लाख रुपए का लोन हासिल करने की फिराक में बैठे एक आरोपी को महाराणा प्रताप नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आईआईएफएल भोपाल की एक महिला कर्मचारी को जब नकली सोने की चूड़ियों का पता लगा, तभी उन्होंने संबंधित  पुलिस को फोन पर सूचना दी थी.
पुलिस के अनुसार ऐश्वर्या शर्मा पिता नमोनारायण शर्मा निवासी एयरपोर्ट रोड गांधीनगर, की शिकायत पर अमित कुमार पाहूजा पिता अशोक कुमार पाहूजा निवासी निशातपुरा, के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि ऐश्वर्या शर्मा, एमपी नगर स्थित  आईआईएफएल गोल्ड लोन्स, की कर्मचारी है. कल मंगलवार सुबह अमित कुमार पाहूज उनकी ब्रांच में आया था. अमित ने अपनी 6 सोने की चूड़ियां गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए का लोन लेने की बात कही थी. लोन प्रक्रिया के दौरान अमित द्वारा सौंपे गए सोने की चूड़ियों का वजन 73.30 ग्राम निकला. चूडियों की जांच  करने पर वे नकली पाई गई. पुलिस का कहना है कि जब  ऐश्वर्या ने नकली सोने की चूड़ियों की बात आरोपी अमित से पूछी, तो वह कहने लगा कि मेरी चूड़ियां असली हैं, वे सोने की हैं. इसके बाद  ऐश्वर्या ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महाराणा प्रताप  नगर थाने को फोन पर सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने आरोपी अमित कुमार पाहूज, को हिरासत में लेकर थाने लाया गया. पुलिस का कहना है कि इस मामले की विवेचना जारी है. विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें