मंगलवार, 9 जनवरी 2018

ग्रामीणों को घर बैठे बैंक सुविधा दिला रही हैं सीमा पांचाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिये किये जा रहे प्रयासों के अच्छे परिणाम प्रदेश में अब बखूबी दिखने लगे हैं. झाबुआ जिले के ग्राम खरडूबड़ी की मात्र 8वीं पास सीमा पांचाल बैंक प्रतिनिधि के रूप में ग्रामीणों के बैंक संबंधी छोटे लेन-देन का काम करती हैं. बैंक उन्हें हर ट्रांजेक्?शन पर कमीशन भी देता है. सीमा पहले घर के काम के साथ-साथ किराना की दुकान एवं आटा चक्की के काम में परिवार का सहयोग करती थी. इतने पर भी मात्र 4-5 हजार रुपए प्रति माह की ही आमदनी हो पाती थी. अब 10-12 हजार की आय होने से बच्चों का दाखिला भी अच्छे स्कूल में करा दिया है. सीमा को आजीविका मिशन के संपर्क में आने के बाद बैंक सखी का दर्जा मिला. बैंक सखी का काम करने के लिये उसने दिसम्बर 2016 में बैंक से एक लाख रुपए का ऋण लेकर इंटरनेट कनेक्शन के साथ लेपटॉप लिया और कियोस्क सेंटर चलाने के लिये आवश्यक उपकरण खरीदे. बैंक आॅफ बड़ौदा से प्रशिक्षण भी लिया.
सीमा ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह घर से बाहर निकलेगी और बैंक का काम कर सकेगी. बैंक सखी के रूप में काम करने में इतना सम्मान और पैसा मिलेगा. पहले उसे बड़े अधिकारियों से बात करने में संकोच होता था. आज उसमें भरपूर आत्म-विश्वास है. वह कहती है कि मैंने कभी सोचा नहीं था कि मात्र 8वीं पास होने के बाद भी मुझे इतना अच्छा व्यवसाय मिलेगा. पहले कम्प्यूटर एवं लेपटॉप छूने में भी डर लगता था. अब यह सब बहुत आसान हो गया है. बैंक सखी बनने के बाद वह दिल्ली भी हो आई है.सीमा का अन्य ग्रामीण महिलाओं से कहना है कि मैं यह कर सकती हूँ तो आप क्यों नहीं? आप भी मेरी तरह राज्य शासन की स्व-रोजगार ऋण योजना और स्व-रोजगार प्रशिक्षण का लाभ लेकर स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर खुद को आत्म-विश्वास से भरपूर बनायें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें