रविवार, 7 जनवरी 2018

इंदौर आरटीओ को हटाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर आरटीओ एम पी सिंह को तत्काल हटाने के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि अगले तीन महीनों में 15 साल से पुरानी सभी बसें प्रदेश के सभी स्कूलों से हटाई जाएंगी. चौहान डीपीएस स्कूल के रोड एक्सीडेंट में मारे गए बच्चों के परिजनों से मिलने के बाद आज रविवार को मीडिया से बात कर रहे थे. चौहान ने कहा कि इस एक्सीडेंट की मजिस्ट्रेरियल जांच कराई जा रही है. एक पखवाड़े में ये जांच रिपोर्ट आने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उनके मुताबिक स्कूल बच्चों की सेफ्टी के लिए सभी जरुरी कदम उठाए जाएंगे.  चौहान ने कहा कि खटारा बसों को फिटनेस सर्टिफिकेट दिए जाने को रोकने के लिए कोई ऐसा सिस्टम बनाया जाएगा,जिससे की खटारा बसों को फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिल पाए. मुख्यमंत्री ने इंदौर आरटीओ के व्यवहार को असंवेदनशील बताते हुए कहा कि उनके द्वारा दुर्घटना ग्रस्त 15 साल से ज्यादा पुरानी बस को फिटनेस सर्टिफिकेट दिए जाने की वजह से उन्हें हटाया गया है. इंदौर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री मृतक बच्चों के परिवार वालों से मिले तो परिवार वालों का गुस्सा फूट पड़ा, उन्होंने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि इस हादसे को लेकर डीपीएस स्कूल के किसी भी जिम्मेदार की गिरफ्तारी आज तक नहीं हुई है. मृतक के परिवार वालों ने मांग की कि इस मामले में जल्दी ही कार्रवाई की जाए और ऐसे जरुरी कदम उठाए जाए जिससे की भविष्य में स्कूल बस की इस तरह की दुर्घटना न हो. मुख्यमंत्री ने सभी मृतक बच्चों के परिवार वालों को सांत्वना देते हुए कहा कि अगर चारों परिवारों का एक ही उठावना बैठक कराई जाए तो पूरा इंदौर शहर श्रंद्धांजली देने आएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें