सोमवार, 8 जनवरी 2018

राष्ट्रपति किया नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज सतना जिले के चित्रकूट में दीनदयाल शोध संस्थान परिसर के आरोग्यधाम में राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण किया. राष्ट्रपति ने इस अवसर पर ग्राम स्वावलंबन प्रदर्शनी में दीनदयाल शोध संस्थान के विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन भी किया.
राष्ट्रपति कोविंद ने परिसर के ई-रिक्शा (बैटरी चलित गोल्फ कार्ट) में बैठकर हेलीपैड से आरोग्य धाम स्थित कार्यक्रम स्थल तक भ्रमण किया. राष्ट्रपति ने प्रतिमा अनावरण स्थल पर आयोजित स्वावलंबन प्रदर्शनी में रेखांकित नानाजी के जीवन दर्शन को सराहा. प्रदर्शनी में संस्थान की कार्य-पद्धति, किसानों की आत्म-निर्भरता, फसलों की जैव-विविधता, मीठा जल मोती संवर्धन, अलाभकारी जोत को लाभकारी जोत बनाने की समेकित खेती पद्धति, वैकल्पिक उद्यमिता और स्थानीय संसाधनों से रोजगार के अवसर, संस्कारित शिक्षा, आजीवन स्वास्थ्य संवर्धन की विशेषज्ञताओं को प्रदर्शित किया गया है. इस अवसर पर राष्ट्रपति को पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतीकात्मक प्रतिमा स्मृति स्वरूप भेंट की गयी.
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने  की राष्ट्रपति की अगवानी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आज पूर्वान्ह 11.30 बजे चित्रकूट आगमन हुआ. राज्यपाल ओ.पी.कोहली एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेलीपेड पर राष्ट्रपति कोविंद की अगवानी की और पुष्पहारों से उनका आत्मीय स्वागत किया. हेलीपैड पर केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, उत्तरप्रदेश शासन के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मन्नूलाल कोरी, राज्य सभा सांसद प्रभात झा, सांसद गणेश सिंह, भैरों प्रसाद मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष  सुधा सिंह सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया.
 काफी टेबल बुक रामदर्शन का लोकार्पण 
   राष्ट्रपति  रामनाथ कोबिंद ने सतना जिले के चित्रकूट प्रवास के दौरान रामदर्शन का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होने रामायण के विविध प्रसंगों पर आधारित भित्ति चित्र और चित्रमय झांकियो को बडे़ मनोयोग से देखा. इस मौके पर राष्ट्रपति ने काफी टेबल बुक रामदर्शन का लोकार्पण भी किया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें