मंगलवार, 9 जनवरी 2018

सैन्य साइकल यात्रा भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना

 सेना से आम लोगों को जोड़ने और जवानों की साहसिक गतिविधियों से अवगत कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित सैन्य क्षेत्र देवलाली से हाल ही में प्रारंभ हुई साइकल यात्रा आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से अपने अगले गंतव्य सागर जिला मुख्यालय की ओर रवाना हो गई. दो दर्जन अधिकारियों और जवानों का जत्था साइकलों पर सवार होकर लगभग छह सौ किलोमीटर की यात्रा करके सात जनवरी को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचा था. एक दिन रूकने के बाद यह दल यहां के सैन्य क्षेत्र से आज सुबह सागर के लिए रवाना हो गया. शाम तक यह दल लगभग एक सौ सत्तर किलोमीटर का फासला तय करके सागर पहुंच जाएगा. यह दल औसतन एक सौ पचास से दो सौ किलोमीटर तक की यात्रा एक दिन में कर रहा है. यह यात्रा पांच जनवरी को देवलाली से शुरू हुई थी. दल में सवार सेना के जवानों ने बताया कि सेना दिवस 15 जनवरी को दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह के एक दिन पहले 14 जनवरी को यात्रा दिल्ली पहुंच जाएगी. इस दौरान साइकल यात्रा दल देवलाली से दिल्ली तक लगभग डेढ़ हजार किलोमीटर की यात्रा तय करेगा. यह दल रास्ते में मिलने वाले लोगों को देश की सीमाओं की रक्षा में दिन रात जुटे रहने वाले सेना के जवानों और अधिकारियोें के अदम्य साहस और शौर्य की गाथाएं भी सुनाने का प्रयास करता है.यात्रा दल के 24 सदस्यों में सेना के दो अधिकारी कैप्टन इशांक शर्मा एवं कैप्टन मनोज, दो जूनियर कमीशंड आॅफिसर और 20 जवान शामिल हैं. यात्रा का उद्देश्य देशवासियों को प्रेम, भाईचारा और शांति का संदेश देना भी है. यह यात्रा दिल्ली पहुंचने के पहले सागर, झांसी, ग्वालियर और आगरा से गुजरेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें