गुरुवार, 4 जनवरी 2018

भीमा कोरेगांव घटना के विरोध में बंद रहा बुरहानपुर

महाराष्ट्र के भीमा-कोरेगांव में हुई हिंसा के विरोध में गुरुवार को मध्य प्रदेश का बुरहानपुर शहर बंद रहा. दलित संगठनों और कांग्रेस के आह्वान पर बुलाए गए बंद के दौरान अज्ञात लोगों ने बस स्टैंड पर 10 से ज्यादा बसों में तोड़फोड़ कर दी. दरअसल, मध्य प्रदेश का बुरहानपुर जिला महाराष्ट्र की सीमा से सटा हुआ है. महाराष्ट्र में हुई हिंसा के विरोध में बुधवार को जिले का नेपानगर कस्बा पूरी तरह से बंद रहा था. एक दिन बाद दलित संगठनों और कांग्रेस के आह्वान पर बुरहानपुर भी मुकम्मल बंद है. शहर के बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है. महाराष्ट्र जाने वाली बसों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है. इसके बावजूद कुछ लोगों ने बस स्टैंड पर खड़ी 10 से ज्यादा बसों में तोड़फोड़ कर दी. इस घटना के बाद शहर में सख्ती बढ़ा दी गई है. सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. यात्री बसों के पहिए थमने की वजह से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, पुलिस ने ऐहतियातन शहर के अलावा महाराष्ट्र की सीमा पर भी गश्त बढ़ा दी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें