मंगलवार, 9 जनवरी 2018

सिंधिया पर टिप्पणी, सड़क पर उतरी कांग्रेस

कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर किरार सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ द्वारा दिए गए विवादित बयान ने तूल पकड़ लिया है. सांसद सिंधिया के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस सड़क पर उतर आई है. सिंधिया समर्थकों ने आज मंगलवार को राजधानी भोपाल के महाराणा प्रताप नगर स्थित बोर्ड आॅफिस चौराहे पर प्रदर्शन किया. महाराणा प्रताप नगर स्थित बोर्ड आफिस चौराहे पर सिंधिया समर्थकों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राधेश्याम धाकड़ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सिंधिया समर्थकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और  सिंधिया के सम्मान में कांग्रेस दल मैदान में आदि नारे भी लगाए.  उल्लेखनीय है कि शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में किरार धाकड़ सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को धमकाते हुए कहा था कि अगर शिवराज सिंह पर उंगली उठाई, तो हाथ तोड़ देंगे और जुबान चलाई, तो जुबान काट देंगे. धाकड़ यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि हम धाकड़ हैं, धाकड़ ही रहेंगे और मुख्यमंत्री पर उंगली उठाने वाले को ठिकाने लगा देंगे, जिस समय धाकड़ ने सिंधिया को लेकर यह विवादित बयान दिया, उस समय मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान के अलावा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, सांसद रोडमल नागर, विधायक प्रहलाद भारती बैठे हुए थे.  धाकड़ के इस विवादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई थी.
धाकड़ को मुख्यमंत्री का ही संरक्षण 
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा कि किरार समाज के कार्यक्रम में किरार समाज के अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ द्वारा दी गई सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को धमकी का मुख्यमंत्री का संरक्षण है. मुख्यमंत्री का संरक्षण मिलने पर ही धाकड़ ने ऐसी धमकी दी है.उन्होंने  राधेश्याम धाकड़ के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की मांग की है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें