पैटर्न लाक खुलवाने के लिए पड़ोसी युवक को स्मार्ट फोन देना एक छात्रा को महंगा पड़ गया. युवक ने मोबाइल फोन से मेमोरी कार्ड निकालकर छात्रा के निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए. शिकायत मिलने पर साइबर पुलिस ने 12 वीं पास युवक को छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.साइबर थाना पुलिस के मुताबिक छात्रा की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने उसकी बेटी के निजी फोटो पूरे गांव में विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिए हैं, इससे उनके परिवार की समाज में बदनामी हो रही है. इस मामले की जांच में पता चला कि सीहोर निवासी दीपक लोधी ने निजी फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर डाले गए हैं. साइबर टीम ने दीपक को हिरासत में लेकर मोबाइल फोन और नाबालिग छात्रा का मेमोरी कार्ड बरामद कर लिया है.
छात्रा ने पुलिस को बताया था कि वह अपने रिश्तेदार के घर रहकर पढ़ाई कर रही है. जून माह में गर्मियों की छुट्टी में वो अपने गांव गई थी. एक दिन उसके स्मार्ट फोन का पैटर्न लाक हो गया था. उसने पड़ोसी और बचपन के मित्र दीपक लोधी को फोन लाक खुलवाने के लिए दे दिया. इस दौरान वह मोबाइल फोन में से मेमोरी कार्ड निकालना भूल गई. दीपक के रिश्तेदार की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है. जब एक हफ्ते तक मोबाइल नहीं मिला तो उसने दीपक से पूछा, तो उसने कहा कि उससे मोबाइल कहीं खो गया है. करीब डेढ़ माह बाद दीपक ने मोबाइल फोन तो वापस कर दिया, लेकिन उसमें से मेमोरी कार्ड गायब था. कार्ड में उसके निजी फोटो थे. साइबर पुलिस ने जांच में पाया कि दीपक ने छात्रा के मोबाइल से मेमोरी कार्ड निकालकर उसमें से छात्रा के निजी फोटो व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिए थे. दीपक के खिलाफ अमानत में खयानत, इलेक्ट्रानिक उपकर के माध्यम से छेड़छाड़ करने के साथ ही पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें