पिता के कार्यकाल को सराहा और सिंधिया पर बोला हमलामध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी अपने पुत्र को राजनीति में उतार दिया है. फूलों और दूध के धंधे के बाद अब उनके पुत्र कार्तिकेय चौहान ने मैदान में मोर्चा संभालते हुए अपने पिता शिवराजसिंह के विधानसभा क्षेत्र बुधनी से दूर कोलारस जहां उपचुनाव होना है, वहां पर मंच पर पहुंचते ही सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर अपना निशाना साधते हुए उन्हें निम्न स्तर की राजनीति करने वाला बताया.
लंबे समय से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ रहकर कार्तिकेय वैसे तो राजनीति को निकट से देख रहे थे, लेकिन उन्होंने राजनीति से अलग हटकर राजधानी भोपाल में पहले फूलों का फिर दूध का धंधा शुरु किया. इसके पूर्व वे चुनाव के दौरान अपने पिता के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में सक्रियता दिखाते रहे, मगर रविवार को वे जब शिवपुरी जिले के कोलारस में आयोजित धाकड़ समाज के सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे तो वे परिपक्व राजनीति करते नजर आए. मंच पर पहुंचते ही उन्होंने जहां अपने पिता के मुख्यमंत्रित्वकाल के कामों को जनता के बीच गिनाया, तो कांग्रेस के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा. कार्तिकेय ने मंच पर पहुंचते ही जब माइक थामा को सिंधिया को लेकर उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस के एक सांसद हैं जो मेरे पिता को भगाने की बात कहते हैं, उन्हें और मंत्रियों को कौरव कहते हैं. यह बहुत ही निम्न दर्जे की राजनीति है. जनता यह सब देख रही है और इसका जवाब भी देगी.’ उन्होंने सम्मेलन में कहा कि मेरे पिता की किसी से लड़ाई नहीं है. वह किसी से लड़ना नहीं चाहते, वह तो सिर्फ गरीबी से लड़ना चाहते हैं. कार्तिकेय ने सजातीय लोगों से कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास की राजनीति की है. कोलारस में होने वाले उपचुनाव में प्रत्याशी की बजाय आपलोग मेरे पिता शिवराज को देखकर वोट दें. उन्होंने पिता के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां भी गिनार्इं. उल्लेखनीय है कि कोलारस विधानसभा में उपचुनाव होना है, हालांकि अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है, मगर यहां पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने सक्रियता दिखानी तेज कर दी है. भाजपा की ओर से खुद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के अलावा दर्जनों मंत्रियों और संगठन नेताओं की सक्रियता बनी हुई है. वहीं कांग्रेस की तरफ से सिर्फ सिंधिया ने ही फिलहाल मोर्चा संभाल रखा है. सिंधिया ने इसके पूर्व शनिवार को कोलारस में एक जनसभा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह और उनके मंत्रियों को कौरव बताते हुए सत्ता से भगाने की बात कही थी, जिसका जवाब देते हुए कार्तिकेय ने सिंधिया पर सीधा हमला बोला है.
सिंधिया को दी धमकी
किरार धाकड़ समाज के सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को धमकी भी दे डाली. उन्होंने कहा कि हम धाकड़ हैं, धाकड़ ही रहेंगे और मुख्यमंत्री पर ऊंगली उठाने वाले को ठिकाने लगा देंगे, जिस समय धाकड़ ने सिंधिया को लेकर यह विवादित बयान दिया, उस समय मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान के अलावा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, सांसद रोडमल नागर, विधायक प्रहलाद भारती बैठे हुए थे. राधेश्याम धाकड़ के इस विवादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें