रविवार, 3 जून 2018

कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम से कलाओं को मिलेगा नया आयाम


 मध्यप्रदेश के रीवा में कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम का भव्य लोकार्पण किया गया. आडिटोरियम का उद्घाटन स्वर्गीय राजकपूर के पुत्र तथा अभिनेता रणधीर कपूर ने किया. पूजा-अर्चना तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इस आडिटोरियम का लोकार्पण किया गया. अतिथियों ने स्वर्गीय राजकपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया. 
समारोह में उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा वालों ने आज साबित कर दिया कि वे रिश्ते बनाते हैं तो रिश्ते निभाते भी हैं. स्वर्गीय राजकपूर का विवाह रीवा में जिस बंगले से हुआ था वहीं पर कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम का भव्य शुभारंभ हो रहा है. यह आडिटोरियम विंध्य की कलाओं, लोक नाट्य को नया आयाम देगा. रीवा की पहचान सफेद शेर के उद्भव स्थल के रूप में थी लेकिन रीवा राजकपूर की ससुराल भी है. यह आयाम रीवा के लिये देश और दुनिया से जुड़ने का नया अवसर बनेगा. राजकपूर रीवा की ब्रांडिंग का साधन बनेंगे. 
 उद्योग मंत्री ने कहा कि जिस तरह लता मंगेशकर तथा किशोर कुमार के नाम पर इंदौर एवं खण्डवा में राष्ट्रीय पुरस्कार देने के लिए समारोह होते हैं उसी तरह रीवा में अभिनय तथा निर्देशन के क्षेत्र का राजकपूर राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाए. यह समारोह रीवा में आयोजित हो. राजकपूर महान कलाकार थे. उनके रग-रग से अभिनय टपकता था. उन्होंने रीवा को अपनी फिल्मों के माध्यम से हमेशा याद किया. यहां तक कि अपनी पुत्री का नाम भी रीमा रखा जो बघेली में रीवा का नाम है. 
उद्योग मंत्री ने कहा कि रीवा कलाकारों, साहित्यकारों का क्षेत्र रहा है. यहां से सोन तथा नर्मदा नदियों को उद्गम हुआ है. यहां मनोरम प्राकृतिक स्थल तथा सुंदर प्रपात हैं. विन्ध्य क्षेत्र में फिल्मों की सूटिंग की अपार संभावना है.
समारोह के मुख्य अतिथि अभिनेता रणधीर कपूर ने भावपूर्ण उदबोधन में कहा कि आज का दिन हमारे लिये खुशी और दुख दोनों का दिन है. आज के ही दिन मेरे पिता राजकपूर इस दुनिया से विदा हुये थे. रीवा के लोगों ने मेरे माता-पिता के नाम पर आडिटोरियम बनाकर हमें सबसे बड़ी सौगात दी है. इसके लिये मेरा पूरा परिवार ही नहीं पूरा फिल्म उद्योग रीवा तथा विशेषकर उद्योग मंत्री शुक्ल का आभारी है. रीवा के लोगों ने मेरे माता-पिता कृष्णा राजकपूर को जो मान-सम्मान दिया है उसे हम हमेशा याद रखेंगे. 
समारोह में प्रसिद्ध अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने कहा कि राजकपूर महान अभिनेता तथा महान निर्देशक थे. मेरी तरह वे भी रीवा के दामाद थे. रीवा क्षेत्र में फिल्मों के शूटिंग से यहां के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा. समारोह में अभिनेता प्रेम किशन चौपड़ा, उमा चोपड़ा भी उपस्थित रहीं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें