गुरुवार, 28 जून 2018

सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, कहा अपराध नहीं हो रहे कम

 कांग्रेस ने दूसरे दिन भी चलाया सामांतर सदन, काली पट्टी बांधकर किया विरोध
विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश न होने से खफा कांग्रेस विधायकों ने आज दूसरे दिन भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. विधायकों ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया. कांग्रेस के समानांतर सदन में ऊर्जा, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों में हुए करोड़ों के घोटालों को लेकर विधायकों ने सरकार को आड़े हाथ लिया और जनता के बीच पहुंचकर सरकार के घोटालों को उजागर करने की बात कही.
कांग्रेस विधायक आज भी काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे. बुधवार की तरह उन्होंने आज भी समानांतर सदन चलाया और भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. आज विधायक अपने हाथों पर काली पट्टी बांधे हुए थे.  कल की ही तरह यादवेन्द्र सिंह ने आज भी आंखों, मुंह और कानों पर पट्टी बांधकर अध्यक्ष की भूमिका का निर्वाह किया. राजनगर के विधायक विक्रम सिंह नातीराज ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आज अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही है. सरकार मस्त है और प्रशासन मौन. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने भ्रष्टाचार के कीर्तिमान बनाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उद्यानिकी विभाग में करोड़ो के घोटाले हुए, मगर कार्रवाई किसी पर नहीं हुई. उन्होंने कहा कि उद्यानिकी विभाग के अलावा सभी विभागों का यही हाल है, जहां पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ है.
विधायक हिना कांवरे ने कहा कि राज्य सरकार ने मात्र दिखावे के लिए दो रुपए किलो चावल और एक रुपए किलो गेहूं की योजना लागू की. इससे प्रदेश पर 530 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ डाला गया. जबकि असलियत यह है कि यदि सभी बीपीएल धारियों को भी इस दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता तो प्रदेश पर 5030 करोड़ का बोझ आता. हिना ने कहा कि पात्रता पर्ची ही लोगों को नहीं बांटी गई. वहीं भाजपा नेताओं को लाभ देने के लिए सोसायटी एक्ट में संशोधन की कोशिश की गई,  जिसका कांग्रेस ने विरोध किया.
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक जीतू पटवारी ने सरकार पर प्रदेश के कर्ज के बराबर ऊर्जा क्षेत्र में घोटाले का आरोप लगाते लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2003 की तुलना में 25 प्रतिशत कम बिजली उत्पादन हो रहा है. कोयले की कृत्रिम कमी बताकर महंगी बिजली खरीदी जा रही है. हालत यह है कि 13 रुपए प्रति यूनिट का भुगतान करने के बाद भी बिजली नहीं ली जा रही है. दूसरी ओर जनता पर फिक्स चार्ज लगाकर इस कमी की पूर्ति की जा रही है. पटवारी ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित विभाग के आला अधिकारियों पर सीधे आरोप लगाए.
भाजपा की बैठक में आईएएस, गर्माया मामला
भाजपा विधायक दल की बैठक में आईएएस अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को यह करना सही लगता है तो वे कांग्रेस विधायकों की बैठक में मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, प्रमुख सचिव कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और गृह विभाग के प्रमुख सचिव को भेजें. अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर इन अधिकारियों से कांग्रेस विधायक चर्चा करेंगे.
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह ने भाजपा विधायक दल की बैठक में अधिकारियों द्वारा प्रजेन्टेशन दिए जाने को लेकर पत्र लिया और कहा कि वे इसकी शिकायत डीओपीटी को करेंगे. उन्होंने पत्र में लिखा है कि आपने पिछले 15 सालों में विधानसभा के साथ-साथ पूरे शासन-प्रशासन की गरिमा एवं मर्यादा को तार-तार कर दिया है. उन्होंने आईएएस अधिकारियों का विधायक दल की बैठक में जाना शासकीय सेवा नियमों का उल्लंघन भी बताया और इसकी आलोचना की.
बावरिया ने कहा अंग्रेजों से ज्यादा खराब लोकतंत्र शिवराज सरकार में
कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया भी इस समानांतर सदन में पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में हिटलरशाही चल रही है. मध्यप्रदेश में अंग्रेजों से भी ज्यादा खराब लोकतंत्र मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के राज में है. उन्होंने कहा कि यहां जनरल डायर के जमाने से भी खराब लोकतंत्र है. बावरिया काफी देर तक कांग्रेस विधायकों के साथ बैठे रहे. इस मौके पर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल भी उपस्थित थे.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें