मध्यप्रदेश के इंदौर की सायबर सेल ने इंस्टाग्राम पर 30 हजार रुपए फिरौती के लिए धमकाने वाले एक आरोपी को पकड़ा है. आरोपी का नाम जितेंद्र निवासी बिजलपुर इंदौर है.
मंगलेश पिता मनोहर निवासी ग्राम पिवड़ाय, जिला इंदौर ने सायबर सेल इंदौर में शिकायत की थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति इंस्टाग्राम आई.डी. के माध्यम से मुझसे 30 हजार रुपए मांग रहा है एवं नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है. सायबर सेल पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को पकड़ा है जो अपने ही किरायेदार को सोशल साइट इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर 30 हजार रुपए फिरौती के लिए धमका रहा था. जांच में तकनीकी आधार पर पता चला कि मंगलेश के मकान मालिक आरोपी जितेन्द्र ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आई.डी. बनाकर उससे 30 हजार रुपए की मांग की व जान से मारने की धमकी दी. आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया. उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि फरियादी मंगलेश उसके घर में एक साल किरायेदार रहा, जिसने आरोपी जितेंद्र की दोस्त को गंदे कमेंट किए थे. इसका बदला लेने के लिए उसने फर्जी इंस्टाग्राम आई.डी. बनाकर उसके माध्यम से 30,000 रुपए की मांग कर मंगलेश को जान से मारने की धमकी दी. प्रकरण में आरोपी का घटना में उपयोग किया हुआ मोबाईल व सिम जप्त की गई. प्रकरण में अन्य आरोपी दोस्त की तलाश जारी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें