मंगलवार, 26 जून 2018

29 तक राजधानी में रहेंगे कांग्रेस विधायक

 भाजपा विधायकों को बुधवार तक भोपाल न छोड़ने को कहा मुख्यमंत्री ने

मध्यप्रदेश विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश न किए जाने के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने 29  जून तक भोपाल में रहकर विरोध जताने का फैसला लिया है. वहीं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भाजपा विधायकों को बुधवार तक भोपाल न छोड़ने के निर्देश दिए हैं.
विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश न किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा, संसदीय मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा के इशारे पर काम कर हैं. अजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि  29 जून तक कांग्रेस विधायक भोपाल में ही रहेंगे. वे भोपाल में रहकर किसी एक स्थान पर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे. इसे लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति भी तय की जाएगी. नीलम मिश्रा के कांग्रेस में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी ऐसी कोई बात नहीं है, अगर वे कांग्रेस में आती हैं तो उनका स्वागत है. 
वहीं दूसरे ओर मुख्य मंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने भाजपा के सभी विधायकों को निर्देश दिए हैं कि वे बुधवार की शाम तक भोपाल न छोड़े, लेकिन भाजपा विधायकों को यह नहीं बताया कि उनके साथ बैठक कब और कहां होगी. संभावना जताई जा रही है कि अंतिम सत्र होने के चलते विधायकों को भोज दिया जा सकता है. प्रयास इस बात के भी हैं कि कांग्रेस और भाजपा के अलावा सभी दलों के विधायकों को मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा परिसर में ही भोज दिया जाए और फोटो सेशन जो आज नहीं हो सका, उसे बुधवार को करा लिया जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें