रविवार, 24 जून 2018

उमस, गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, मानसून ने दी मध्यप्रदेश में दस्तक

राजधानी में आसमान पर छाए रहे बादल, उमस से परेशान हुए लोग

लंबे समय से मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह अच्छी खबर है कि जल्द ही मानसून का मध्यप्रदेश में प्रवेश हो गया है. मौसम विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मानसून ने महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिले बुरहानपुर, बड़वानी से प्रवेश किया है. पूरे प्रदेश में मानसून के पहुंचने में करीब 48 घंटे लग सकते हैं. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि राजधानी में 24 घंटों के दौरान मानसून पहुंच जाएगा.
राज्य में गर्मी से परेशान हुए लोगों को मानसून का इंतजार था, जो आज रविवार को खत्म हो गया. मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार की दोपहर को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश कर लिया है. इस बार मानसून का प्रवेश बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर और खरगोन जिले से हुआ है. इन जिलों में पूर्व से ही प्री मानसून बारिश हो रही थी. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार महाराष्ट्र में शनिवार को ही मानसून की दस्तक हो चुकी थी,इसके चलते इस बात की संभावना थी कि मध्यप्रदेश में भी मानसून जल्द ही आमद देगा. आज दोपहर को मानसून की आमद होने के बाद लोगों को राहत मिली है. राजधानी में आज रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे,  इसके चलते लोगों को उमस से परेशानी भी हुर्ई. उमस के कारण लोग परेशान होते रहे. 
 मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार मानसून की रफ्तार अच्छी है. इसे बैक प्रेशर भी मिल रहा है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है 24 घंटे के अंदर यह राजधानी  भोपाल भी पहुंच जाएगा. अगले सप्ताह के आखिरी तक ये पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा. मानसून की आने के पूर्वानुमान के साथ ही कृषि विभाग ने भी किसानों के लिए सलाह जारी कर दी है. मौसम विभाग के अनुसार  रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25़ 1 डिग्री, इंदौर का 22़ 4 डिग्री, ग्वालियर का 31 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 37़ 2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 35़.1 डिग्री, ग्वालियर का 44़ 5 डिग्री और जबलपुर का 36़ 8 डिग्री सेल्सियस रहा.
बड़वानी में हुई जोरदार बारिश
मध्यप्रदेश के बड़वानी नगर में शनिवार की शाम एवं देर रात को जोरदार वर्षा हुई. यहां पर पिछले 20 सालों में पहली बार इतनी तेज बारिश होना बताया जा रहा है.  भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले 24 घंटों में बड़वानी में 60.6 मिली मीटर तो पाटी में 65 मिली मीटर (लगभग ढ़ाई इंच वर्षा) हुई है. इसके कारण नगर के मोहल्लों एवं नालों में एकाएक आए पानी के दबाव ने परेशान हो गए. वर्षा का दौर इतना तेज था कि सड़कों., लोगों के घरों के आंगन में मिट्टी ही मिट्टी जमा होगी. जिले में पिछले 24 घंटों में  60.6 मिली मीटर, पाटी में 63 मिलीमीटर, राजपुर में 16 मिलीमीटर, सेंधवा में 27 मिलीमीटर, पानसेमल में 0 मिलीमीटर, निवाली में 30 मिली मीटर, वरला में 10 मिली मीटर, चाचरियापाटी में 31 मिलीमीटर वर्षा हुई है.  इस प्रकार जिले में पिछले 24 घंटे में औसत रूप से 27.84 मिलीमीटर वर्षा हुई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें