शनिवार, 23 जून 2018

महिला से बैग झपट कर भागे बाइक सवार युवक



राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में बाजार से घर लौट रही महिला से तीन बाइक सवार बदमाशों ने बैग झपट लिया. महिला जब तक कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी मौके पर से फरार हो गए थे.
पुलिस के अनुसार रुचि शर्मा बीती रात अपने काम से विशाल मेगामार्ट कोलार के सामने से जा रही थी. तभी एक बाइक पर तीन बदमाश आए और रुचि का बैग झपट कर फरार हो गए. बैग में रुचि का 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल व कीमती कागजात मौजूद थे. पुलिस ने बताया कि युवती को धक्का देने के बाद आरोपी फरार हो गये, जिस कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है. मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है.
युवती से छेड़छाड़
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मकान नंबर 1109 पुष्पा नगर निवासी 20 वर्षीय युवती अपने काम से जा रही थी. तभी घर के पास  जीतू सिंह ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू दी. जब युवती ने छेड़छाड़ का विरोध किया, तो  जीतू जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर युवती को अपमानित करने लगा. घटना के बाद युवती ने ऐशबाग थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि युवती की शिकायत पर  जीतू के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है. मामला दर्ज करने के बाद से आरोपी जीतू की तलाश शुरू कर दी गई है.
छात्रा से छेड़छाड़
राजधानी में छोला मंदिर थाना क्षेत्र में कालेज से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार छात्रा बीएड कर रही है. पिछले कुछ दिनों से उसके मोहल्ले में रहने वाला मनीष वैष्णव कालेज से आते वक्त उसका पीछा करता था. आज जब वह कालेज से लौट रही थी, तब टिंबर बाजार के समीप मनीष ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी. छात्रा ने शोर मचाया तो वह भाग गया. बाद में छात्रा ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. आरोपी फरार है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें