शुक्रवार, 29 जून 2018

वकील पर हमले के विरोध में हड़ताल


राजधानी में एक वकील को कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भोपाल के वकील आज दोपहर के बाद बेमियादी हड़ताल पर चले गए.
भोपाल बार एसोसिएशन के  पदाधिकारियों ने बताया कि वकील मोहम्मद सफीर खान की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपियों की जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक भोपाल जिले के वकील काम पर नहीं लौटेंगे.  वकील पर हत्या के प्रयास के मामले में स्टेट बार कमेटी के चेयरमेन एडवोकेट शिवेन्द्र उपाध्याय ने भोपाल के वकीलों की हड़ताल का समर्थन किया है. एडवोकेट शिवेन्द्र उपाध्याय ने भोपाल बार एसोसिएशन को विश्वास दिलाया है कि अगर पुलिस वकील के हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती है तो प्रदेशभर के वकील इसका विरोध करेंगे. एडवोकेट मोहम्मद सफीर खान पर जानलेवा हमले की खबर मिलते ही वकीलों में सुबह से ही भारी आक्रोश था. वकीलों ने आज इस घटना के विरोध में बैठक भी की और इसके बाद हड़ताल पर जाने का फैसला लिया. उल्लेखनीय है कि एडवोकेट मोहम्मद सफीर खान पर बीते गुरुवार रात को शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में हजमा अंसारी एवं उनके साथियों ने कार से तेज टक्कर मारकर हत्या करने का प्रयास किया था. टक्कर लगने से एडवोकेट सफीर खान बुरी तरह जख्मी हुए, उनको इलाज के लिए फ्रैक्चर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें