मंगलवार, 26 जून 2018

खरगोन, सतना में सर्वाधित अति कम वजन वाले बच्चे

 महिला एवं बाल विकास मंत्री के जिले में 2329 अति कम वजन वाले बच्चे
मध्यप्रदेश के खरगोन और सतना जिले में सर्वाधिक अति कम वजन वाले बच्चे पाए गए हैं. इन जिलों में क्रमश: 5399, 5040 बच्चे अति कम वजन वाले पाए गए हैं. राज्य में अति कम वजन वाले बच्चों की संख्या 1 लाख से ऊपर है. खुद महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस के गृह जिले बुरहानपुर में 2329 बच्चे अति कम वजन वाले पाए गए हैं.
यह जानकारी आज राज्य विधानसभा में भाजपा विधायक बाबूलाल गौर के प्रश्न के लिखित जवाब में खुद महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने दी. उन्होंने बताया कि राज्य में मार्च 2015 में अति कम वजन वाले बच्चों की संख्या 1,26,218, मार्च 2016 में 90, 537 माच 2017 में 1,53,842 और मार्च 2018 में 1, 03, 083 थी. मंत्री ने बताया कि राज्य के खरगोन जिले में मार्च 2018 में अति कम वजन वाले बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा थी. यहां पर 5399 बच्चे अति कम वजन वाले पाए गए थे. इसके बाद सतना जिले में यह संख्या 5040 थी. मंत्री ने बताया कि बुरहानपुर जिले में अति कम वजन वाले बच्चों की संख्या 2329 थी.  इसी तरह राज्य के छिंदवाड़ा जिले में अति कम वजन वाले बच्चों की संख्या 2235, बालाघाट जिले में 913, सिवनी जिले में 982 और बैतूल जिले में 1711 थी. 
निर्देश के डेढ़ साल बाद भी जारी नहीं हुआ श्वेत पत्र
महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत के लिखित प्रश्न के जवाब में बताया कि कुपोषण को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 14 सितंबर 2016 को समीक्षा बैठक के दौरान श्वेत पत्र जारी करने के निर्देश दिए थे. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शासन द्वारा समिति का गठन किया गया. समिति द्वारा बिन्दुओं का निर्धारण अभी नहीं किया गया है. मंत्री ने बताया कि श्वेत पत्र के संबंध में बैठक आयोजित नहीं हुई है. श्वेत पत्र तैयार करने के संबंध में कार्यवाही की जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें